Site icon Dainik Savera Times

जम गया कश्मीर, तापमान शून्य से 8 डिग्री नीचे, जनजीवन अस्त-व्यस्त

Kashmir Temperature : कश्मीर अब भी शीतलहर की चपेट में है और घाटी में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार, घाटी में अगले कुछ दिनों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, श्रीनगर में सोमवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं, काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे, पंपोर शहर के कोनीबल में शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे, कुपवाड़ा में शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे और कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने कहा कि घाटी में 18 जनवरी तक आमतौर पर बादल छाए रहेंगे, लेकिन मौसम शुष्क बना रहेगा। 15 और 16 जनवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी की संभावना है। कश्मीर वर्तमान में ‘चिल्ला-ए-कलां’ की चपेट में है, जो सर्दियों के दौरान सबसे कठोर समय होता है।

21 दिसंबर से शुरू हुए 40 दिनों के ‘चिल्ला-ए-कलां’ के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक रहती है और तापमान में काफी गिरावट आती है। ‘चिल्ला-ए-कलां’ 30 जनवरी को समाप्त होता है, जिसके बाद 20 दिनों का ‘चिल्ला-ए-खुर्द’ और 10 दिनों का ‘चिल्ला-ए-बच्चा’ होता है।

Exit mobile version