Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

जी20 बैठक के बाद इस साल जम्मू-कश्मीर में विदेशी पर्यटकों का आगमन 350 प्रतिशत बढ़ा: उपराज्यपाल

October 20, 2023

जी20 बैठक के बाद इस साल जम्मू-कश्मीर में विदेशी पर्यटकों का आगमन 350 प्रतिशत बढ़ा: उपराज्यपाल

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बृहस्पतिवार को कहा कि मई में हुई जी20 की बैठक के बाद इस साल केंद्र शासित प्रदेश में विदेशी पर्यटकों के आगमन में 350 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सिन्हा ने यहां नौगाम रेलवे स्टेशन पर विस्टाडोम रेल कोच का उद्घाटन करने के बाद एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि इस साल अब तक 1.70 करोड़ पर्यटक जम्मू-कश्मीर आए हैं।

उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘श्रीनगर ने जी20 बैठक (जी20 सदस्य देशों की तीसरी पर्यटन कार्य समूह की बैठक) की मेजबानी की और उसके बाद, जम्मू-कश्मीर में विदेशी पर्यटकों के आगमन की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 350 प्रतिशत बढ़ गई है।’’ उन्होंने कहा कि पिछले साल जम्मू-कश्मीर में रिकॉर्ड 1.88 करोड़ पर्यटक आए थे, लेकिन इस साल सितंबर तक 1.70 करोड़ पर्यटक जम्मू-कश्मीर आ चुके हैं। सिन्हा ने कहा कि ट्रेन में विस्टाडोम कोच से जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा,‘‘यह न केवल यात्रियों को बडगाम से बनिहाल तक पहुंचाएगा, बल्कि बडगाम, काजीगुंड और बनिहाल स्टेशनों पर युवाओं को आजीविका के अवसर भी प्रदान करेगा। यह कोच पर्यटकों को कश्मीर की खूबसूरती को नए नजरिए से देखने में मदद करेगा।’’

उन्होंने कहा कि विस्टाडोम कोच की शुरुआत जम्मू-कश्मीर की विकासात्मक यात्रा की दिशा में एक और कदम है। अत्याधुनिक विस्टाडोम कोच, जिसमें मनोरंजन और बैठने की उन्नत सुविधाएं हैं, बडगाम से बनिहाल तक चलेगा। कोच में घूमने वाली सीटें, पारदर्शी कांच की छत और खिड़कियां हैं, जिससे चारों तरफ के नजारे देखे जा सकेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें