Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

BJP सरकार ने शेख अब्दुल्ला का किया अपमान: Mehbooba Mufti

August 22, 2023

BJP सरकार ने शेख अब्दुल्ला का किया अपमान: Mehbooba Mufti

श्रीनगर: पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने नेशनल कांफ्रेंस के संस्थापक शेख मोहम्मद अब्दुल्ला का अपमान किया है जिन्होंने देश की एकमात्र मुस्लिम बहुल रियासत के भारत में विलय के लिए काम किया था। मुफ्ती ने यह टिप्पणी संभवत: कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर से ‘शेर’ शब्द हटाए जाने के संदर्भ में की है। ‘शेर’ शब्द का इस्तेमाल शेख अब्दुल्ला के लिए किया जाता है।

जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) प्रमुख मोहम्मद यासीन मलिक की पत्नी को पाकिस्तान में मंत्री बनाए जाने के सवाल पर महबूबा ने कहा कि मिशाल मलिक आतंकवादी नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं मिशाल मलिक की वकालत नहीं कर रही हूं लेकिन वह आतंकवाद की दोषी नहीं है। उसका पति यासीन मलिक है। वह (मिशाल) साध्वी प्रज्ञा की तरह नहीं है।’’ महबूबा ने भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा का संदर्भ दिया जिनके खिलाफ 2008 के मालेगांव बम विस्फोट मामले में मुकदमा चल रहा है।

पीडीपी प्रमुख ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पाकिस्तान उन लोगों को पुरस्कृत कर रहा है जिनके बारे में वह समझता है कि वे उसके एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं। सरकार शेख मोहम्मद अब्दुल्ला के बारे में क्या कर रही है? भाजपा को यह समझना चाहिए। वे शेख साहिब को अपमानित कर रहे हैं जिन्होंने जम्मू-कश्मीर के भारत में विलय के लिए काम किया था। भाजपा पर धिक्कार है।’’ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दावा किया है कि चीन ने लद्दाख में भारतीय क्षेत्र पर कब्जा किया है।

इस बारे में पूछे जाने पर महबूबा मुफ्ती ने कहा कि यह दावा स्थानीय लोग कर रहे हैं न कि गांधी। महबूबा ने कहा कि चीन भारतीय भूभाग में आ गया और लद्दाख के लोगों के लिए तय चारागाह की करीब 1,000 वर्ग किमी भूमि को अपने कब्जे में ले लिया। महबूबा के अनुसार, यह दावा राहुल गांधी नहीं बल्कि लद्दाख के लोग कर रहे हैं। जम्मू-कश्मीर (तत्कालीन राज्य) की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कई दौर की वार्ता चीन को पीछे धकेलने में असफल रही है।’’ महबूबा मुफ्ती ने डेमोक्रेटिव प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद पर उनके अधिकतर भारतीय मुस्लिमों के हिंदू धर्म से धर्मांतरित होने संबंधी बयान को लेकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा, ‘‘वह संघ (राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ) की भाषा बोल रहे हैं। वे भी कहते हैं कि अधिकतर भारतीय मुस्लिमों के पूर्वज हिंदू थे और इसलिए मुसलमानों को ‘घर वापसी’ करनी चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज भारतीय मुसलमान असुरक्षित हैं। अगर मुस्लिम व्यक्ति हिंदू लड़की से शादी करता है तो उसके माता-पिता की पिटाई की जाती है। मुसलमानों को ट्रेन में मारा जा रहा है, उनके घरों को बुलडोजर से ध्वस्त किया जा रहा है।’’ महबूबा मुफ्ती ने कहा कि उनकी पार्टी जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ किए जा रहे अन्याय के खिलाफ लड़ेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें