Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

जम्मू-कश्मीर में अगले 24 घंटों में बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

April 3, 2024

जम्मू-कश्मीर में अगले 24 घंटों में बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

श्रीनगर: केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने बुधवार को यह जानकारी दी। मौसम कार्यालय ने आज बादल छाए रहने और शाम को गरज के साथ कई स्थानों पर हल्की बारिश/हिमपात या फिर गरज के साथ बौछार होने का अनुमान जताया है। प्रदेश में गुरुवार को मौसम शुष्क रहेगा।

प्रदेश में पांच अप्रैल को अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या हिमपात हो सकती है। उसके बाद छह से 10 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है। प्रदेश में खराब मौसम के मद्देनजर किसानों को तीन और पांच अप्रैल को कृषि कार्य बंद करने की सलाह दी गयी है।बादल छाये रहने के साथ प्रदेश में तापमान में सुधार हुआ और कश्मीर घाटी में तापमान सामान्य से ऊपर रहा है। श्रीनगर में मंगलवार देर रात न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री के मुकाबले 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

केन्द्रशासित प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी में यह सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। पर्यटक स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान एक दिन पहले के 0.5 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह अनंतनाग में सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया। मौसम कार्यालय ने कहा कि दुनिया की सबसे ऊंची केबल कार स्थल गुलमर्ग का तापमान पिछली रात के 0.4 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा और बारामूला जिले में स्की रिसॉर्ट का तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें