Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

टिक्कर के दरोटी गांव में आधी रात को लगी आग, आधे से ज़्यादा गांव जलकर हुआ खाक

September 4, 2023

टिक्कर के दरोटी गांव में आधी रात को लगी आग, आधे से ज़्यादा गांव जलकर हुआ खाक

रोहड़ू: रोहड़ू उपमंडल के नावर क्षेत्र की टिक्कर सब तहसील में भीषण अग्निकांड हुआ है। टिक्कर के दरोटी गांव में भीषण आग लगने से 9 मकान जलकर राख हो गए, जबकि 5 कच्चे घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। घटना शनिवार देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। आग लगने से 20 परिवारों के आशियाने जलकर राख हो गए। इस घटना में करोड़ों का नुकसान हुआ है। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक मकान में आग लगी और देखते ही देखते साथ लगते मकान भी धू-धू जलने लगे। लोगों की चीख-पुकार के बीच आनन-फानन में ही मदद के लिए लोग एकत्रित हुए और आग बुझाने लगे। फायर ब्रिगेड को भी आग लगने की सूचना दी गई।

कड़ी मशक्कत के बाद क्षेत्रवासियों ने फायर ब्रिगेड के साथ मिलकर आग बुझाने में सफलता प्राप्त की। इस अग्निकांड में करीब तीन सौ साल पुराना मकान भी जल कर राख हो गया है। आग लगने का अभी कोई पुख्ता कारण पता नहीं चला है, छानबीन की जा रही है । अग्निकांड में तकरीबन आधा दरोटी गांव जलकर राख हो गया है। एसडीएम सन्नी शर्मा ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। प्रभावित परिवारों को दस-दस हजार की फौरी राहत साथ ही राशन व कंबल भी वितरित किए गए हैं। राजस्व विभाग के कर्मचारी नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अग्निकांड प्रभावितों की प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें