Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

कश्मीर में ‘ हाइब्रिड ’ आतंकवादी, उसका सहयोगी और आतंकवादियों के दो सहयोगी गिरफ्तार

September 9, 2023

कश्मीर में ‘ हाइब्रिड ’ आतंकवादी, उसका सहयोगी और आतंकवादियों के दो सहयोगी गिरफ्तार

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में दो अलग-अलग अभियानों में एक ‘हाइब्रिड’ आतंकवादी, उसका सहयोगी और आतंकवादियों के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के पाखरपोरा इलाके में सेना की 53 राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस ने मिलकर एक ‘हाइब्रिड’ आतंकवादी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने ‘हाइब्रिड’ आतंकवादी की पहचान तनवीर अहमद भट के रूप में की है और उसका सहयोगी यावर मकबूल गनई है और दोनों कारापोरा चरार-शरीफ के निवासी हैं।

पुलिस ने कहा कि दोनों ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ के साथ जुड़े हुए थे, जिसे लश्कर-ए-तैयबा का एक छद्म समूह माना जाता है। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए दोनों आतंकवादी पाखेरपोरा इलाके में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा/टीआरएफ) के बैनर तले काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उनके पास से एक पिस्तौल, एक पिस्तौल मैगजीन, नौ गोलियां और अन्य आपत्तिजनक सामग्री सहित हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि चरार-ए-शरीफ पुलिस थाने में कानून की संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है और जांच चल रही है। एक अन्य अभियान में, दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकवादी के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कहा कि विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए, पुलवामा पुलिस ने गुदूरा पुलवामा के सेब के बगीचे की गहन तलाशी ली और आतंकवादी के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कहा कि दोनों की पहचान महरादपोरा टरपोरा पुचल के सुहैल फिरदौस और वागुम पुलवामा के शाहिद गुल के रूप में की गई है।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दोनों आरोपी प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक सक्रिय आतंकवादी आकिब शेर गोजरी के सहयोगी हैं। प्रारंभिक जांच से यह भी पता चला है कि गिरफ्तार आतंकी सहयोगी पुलवामा में आतंकवादी हमलों को अंजाम देने के लिए आतंकवादी आकिब शेर-गोजरी के साथ साजिश में शामिल थे। पुलिस ने कहा कि कानून की संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है और जांच चल रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें