जम्मू डेस्क : शहर में 15 और 16 नवंबर को होने वाली मिडनाइट मैराथन के कारण ट्रैफिक विभाग ने व्यापक रूट प्लान जारी किया है। जम्मू एवं कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल और रियल टाइम स्पोर्ट्स द्वारा आयोजित यह मैराथन 15 नवंबर की रात 11:30 बजे एम.ए. स्टेडियम से शुरू होकर 16 नवंबर सुबह 8 बजे तक चलेगी। कार्यक्रम के दौरान शहर के कई प्रमुख रास्तों पर सामान्य यातायात को आंशिक या पूर्ण रूप से बंद रखा जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि जरूरी यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और निर्धारित रूट से दूर रहें।
मैराथन का संचालन विभिन्न श्रेणियों में होगा। 42 किमी और 21 किमी रन की शुरुआत 15 नवंबर की रात ही होगी, जबकि 10 किमी और 5 किमी दौड़ अगले दिन सुबह 5 बजे से आरंभ होगी। 5 किमी रूट एम.ए. स्टेडियम से शुरू होकर गांधी नगर स्थित कॉन्वेंट स्कूल तक रहेगा, जहां से प्रतिभागी यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे। 10 किमी और 21 किमी दोनों दौड़ें अखनूर रोड फ्लाईओवर तक संचालित होंगी, जबकि 42 किमी के धावक इसी मार्ग को दो बार पूरा करेंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि मैराथन रूट पर आम वाहन नहीं चलेंगे। इसके लिए मुठी पुलिया फ्लाईओवर के नीचे का मार्ग तथा गुजर नगर ब्रिज मुख्य वैकल्पिक रूट के रूप में तय किए गए हैं। सिटी साउथ से सिटी नॉर्थ जाने वाले वाहनों को एशिया क्रॉसिंग से पीएचक्यू रोटरी होकर गुजर नगर ब्रिज तक डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, सिटी नॉर्थ से साउथ आने वालों को के.सी. क्रॉसिंग, डोगरा चौक और विवेकानंद चौक के रास्ते गुजर नगर ब्रिज की ओर भेजा जाएगा। कुछ जगहों पर भीड़-भाड़ और धावकों की सुरक्षा के अनुसार मौके पर ही डायवर्जन लागू किए जाएंगे।
पुलिस ने लोगों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताते हुए सहयोग की अपील की है। किसी भी सहायता के लिए TCU जम्मू (0191-2459048), व्हाट्सएप 94191-47732 या टोल-फ्री नंबर 103 पर संपर्क किया जा सकता है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...