Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

सेना ने जम्मू कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम की, दो आतंकी मारे गए

August 22, 2023

सेना ने जम्मू कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम की, दो आतंकी मारे गए

जम्मू: जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में सोमवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सेना ने दो आतंकवादियों को मार गिराकर घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। थलसेना के प्रवक्ता के मुताबिक, मारे गये आतंकवादियों के शवों को बरामद नहीं किया जा सका क्योंकि सेना के साथ हुई मुठभेड़ में आई चोटों के चलते दम तोड़ने से पहले वे नियंत्रण रेखा के पार भागने में सफल रहें।

उन्होंने बताया कि एक एके-47 राइफल, दो मैगजीन, 30 कारतूस, दो हथगोले और पाकिस्तान में निर्मित कुछ दवाइयां बालाकोट सेक्टर के मुठभेड़ स्थल से बरामद की गई। जम्मू में तैनात रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने बताया कि कई एजेंसियों और पुलिस से मिली खुफिया सूचनाओं से एलओसी के उस पार इंतजार कर रहे आतंकवादियों की मौजूदगी का खुलासा हुआ।

इन सूचनाओं के आधार पर निगरानी तंत्र को चौकन्ना किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘सतर्क सैनिकों ने दो पाकिस्तानी आतंकियों के एलओसी पार कर भारतीय सीमा के अंदर घुसने की कोशिश करने का पता लगाया। उनके आगे बढ़ने पर उन्हें चुनौती दी गई और फिर मुठभेड़ हुई।’’ उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिक चौकन्ना हैं और सीमा पार से घुसपैठ की किसी भी कोशिश को नाकाम करने के लिए निगरानी कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें