Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

जम्मू-कश्मीर: पुलिस ने अनंतनाग में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी की दुकान कुर्क की

November 9, 2023

जम्मू-कश्मीर: पुलिस ने अनंतनाग में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी की दुकान कुर्क की

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में पुलिस ने बुधवार को जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के एक आतंकवादी की दुकान कुर्क कर ली, जो सर्कस में काम करने वाले एक कर्मचारी की हत्या में कथित संलिप्तता को लेकर इस समय हिरासत में है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बिजबेहरा के वाघमा इलाके के निवासी आरोपी उमर अमीन थोकर द्वारा ‘द गेम मॉडिफिकेशन प्वाइंट’ नाम की दुकान का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों के लिए किया जाता था।

अधिकारियों के मुताबिक, बिजबेहरा-पहलगाम रोड पर जिरपोरा में स्थित दुकान को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धारा 25 के तहत कुर्क किया गया है। पुलिस ने एक नोटिस में कहा कि सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना संपत्ति को बेचा नहीं जा सकता, पट्टे पर नहीं लिया जा सकता, खरीदा या हस्तांतरित नहीं किया जा सकता, उपहार में और किराये पर नहीं दिया जा सकता तथा गिरवी नहीं रखा जा सकता।

अधिकारियों ने बताया कि थोकर और चार अन्य जैश-ए-मोहम्मद आतंकियों को दक्षिण कश्मीर के उधमपुर जिले के निवासी दीपक कुमार (27) की हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने बताया कि उधमपुर के जंगलात मंडी इलाके में एक सर्कस में काम करने वाले दीपक की इस साल 29 मई की रात को मोटरसाइकिल सवार दो आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें