Jammu Kashmir Encounter: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान लगातार जारी है। ताज़ा जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह किश्तवाड़ जिले के छत्रू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई, जो अब भी जारी है। अधिकारियों ने बताया कि इस मुठभेड़ में अब तक एक जवान के घायल होने की सूचना है। घायल जवान को उपचार के लिए नज़दीकी सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
भारतीय सेना के व्हाइट नाइट कोर ने दी जानकारी
भारतीय सेना के व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “आज सुबह जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ समन्वय में शुरू किए गए एक खुफिया आधारित अभियान के दौरान छत्रू क्षेत्र में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ हुई। ऑपरेशन अभी भी जारी है।”
अधिकारियों के मुताबिक, यह अभियान तड़के शुरू किया गया था जब जम्मू-कश्मीर पुलिस को इलाके में आतंकियों की मौजूदगी के बारे में पुख्ता खुफिया जानकारी मिली। पुलिस और सेना की संयुक्त टीमों ने जब इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया, तभी आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया और गोलीबारी का सिलसिला शुरू हो गया।
#WhiteKnightCorps | Contact with Terrorists | Op Chhatru
In an intelligence based operation, in concert with @JmuKmrPolice, in early morning hours today, alert troops of #WhiteKnightCorps have established contact with terrorists in general area of Chhatru. Fire exchanged with…
— White Knight Corps (@Whiteknight_IA) November 5, 2025
कम से कम दो से तीन आतंकवादी
सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ में कम से कम दो से तीन आतंकवादी शामिल हैं, जो पास के पहाड़ी इलाकों में छिपे हुए हैं। क्षेत्र में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टुकड़ियाँ भेज दी गई हैं और सभी एग्जिट रूट सील कर दिए गए हैं ताकि आतंकियों के भागने की कोई संभावना न रहे।
किश्तवाड़, डोडा और उधमपुर जिलों की सीमा से सटा इलाका हाल के महीनों में आतंकियों की गतिविधियों के कारण संवेदनशील बना हुआ है। पिछले सात महीनों में यहां छह मुठभेड़ें हो चुकी हैं, जिनमें कई आतंकियों का सफाया किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि पाकिस्तान से घुसपैठ कर कुछ आतंकी इन दुर्गम पहाड़ियों में शरण लिए हुए हैं।
सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी हालात पर करीबी नज़र बनाए हुए हैं। स्थानीय लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की गई है। फिलहाल, ऑपरेशन जारी है और सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर आतंकियों की तलाश तेज़ कर दी है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...