Site icon Dainik Savera Times

NGO Funding मामले में Kashmir के 11 स्थानों पर NIA और CIK की संयुक्त छापेमारी

श्रीनगर: राष्ट्रीय जांच एजैंसी(एनआईए) और काउंटर-इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआईके) ने मंगलवार को संयुक्त रूप से वर्ष 2020 में दर्ज एनजीओ फंडिंग मामले में वकील परवेज इमरोज के आवास सहित कश्मीर में 11 स्थानों पर छापेमारी की है। एनआईए के अधिकारियों ने पुलिस और सीआरपीएफ की सहायता से घाटी के श्रीनगर, कुपवाड़ा, बड़गाम, पुलवामा और शोपियां जिलों में 11 स्थानों पर छापेमारी की है। श्रीनगर में एनआईए के अधिकारियों ने बोनपोरा बटमालू में मोहम्मद सादिक डार के बेटे जुबैर सिद्दीक डार के आवास पर छापा मारा और बाद में उसे पूछताछ के लिए पुलिस थाना बटमालू लाया गया।

बड़गाम में एनआईए के अधिकारियों ने सहकारी कॉलोनी पीरबाग में गुलाम कादिर के बेटे अर्शीद इंद्राबी के आवास पर छापा मारा। एक अन्य टीम ने कांटा बाग गुलाम कादिर के बेटे एडवोकेट परवेज अहमद शेख के आवास की तलाशी ली। क्रभलपोरा कुपवाड़ा में सलीम अहमद मलिक के आवास की भीआज सुबह एनआईए के अधिकारियों ने तलाशी ली। इसी तरह कश्मीर घाटी के अलगअलग हिस्सों में छापेमारी की जा रही है।

राष्ट्रीय जांच एजैंसी ने कहा कि इस मामले में आतंक से संबंधित गतिविधियों के वित्तपोषण में घाटी स्थित कुछ गैर सरकारी संगठनों, ट्रस्टों और समाजों की संलिप्तता की जांच की जा रही है। एजैंसी ने कहा कि कुछ गैर सरकारी संगठन विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों की आड में घरेलू और विदेश में धन इकट्ठा कर रहे हैं। इनमें से कुछ संगठनों ने लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों के साथ संबंध विकसित किए हैं।

Exit mobile version