
जम्मू : जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव जीतने और मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद उमर अब्दुल्ला शनिवार को शेर-ए-कश्मीर भवन पहुंचेंगे। अब्दुल्ला यहां पर अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उमर अब्दुल्ला के आगमन को लेकर यहां पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही लोग भवन में पहुंचने लगे हैं। भवन के बाहर मुख्यमंत्री के नाम के पोस्टर लगाए गए हैं।
स्थानीय निवासी तजिंदर सिंह ने बताया कि सुबह 8 बजे से ही शेर-ए-कश्मीर मैदान में लोगों का आना-जाना लगा हुआ है। लोगों की भीड़ हमारी उम्मीद से कहीं ज्यादा है, यहां बहुत ज्यादा लोग इकट्ठा हुए हैं। उमर साहब को आने में थोड़ा समय लगेगा, लेकिन लोगों में उनके लिए जो प्यार है, चाहे वे युवा हों, बुजुर्ग हों या मेरी माताएं और बहनें हों। हर समुदाय, जाति और धर्म के लोग उत्साह और खुशी के साथ उमर साहब का गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए आए हैं।
उन्होंने कहा कि, 10 साल बाद यहां पर चुनाव हुए। चुनाव में लोगों ने अपने मतों का प्रयोग करते हुए अपनी सरकार चुनी है। लोगों को लग रहा है एनसी की सरकार ही उनके अधूरे कामों को पूरा कराने का काम करेगी।
बता दें कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद हाल ही में उमर अब्दुल्ला ने सीएम पद की शपथ ली। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर (एसकेआईसीसी) में हुए शपथ ग्रहण कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, सुप्रिया सुले, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव समेत इंडिया ब्लॉक के कई नेता शामिल हुए थे।
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के नतीजे की बात करें तो, नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) को 42 और कांग्रेस को 6 सीटों पर जीत मिली। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के खाते में 29 सीटें आई।
मेष: दिन शुभ रहेगा...