Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

कच्ची छावनी में हुए कम तीव्रता के विस्फोट की पुलिस ने शुरू की जांच

July 25, 2023

कच्ची छावनी में हुए कम तीव्रता के विस्फोट की पुलिस ने शुरू की जांच

जम्मू: शहर के कच्ची छावनी इलाके में बीती रात को हुए कम तीव्रता के विस्फोट के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसएसपी जम्मू चंदन कोहली ने बताया है कि कच्ची छावनी में गत देर रात को एक धमाके की खबर सामने आई है। पुलिस और फॉरेंसिक अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।

यह विस्फोट रविवार देर रात 10:00 बजे के आसपास कच्ची छावनी इलाके में शिव सेना हिंदुस्तान के अध्यक्ष राजेश केसरी के घर के बाहर हुआ। धमाके के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फॉरेंसिक अधिकारियों की टीम ने बम निरोधक दस्ते के साथ उनके घर में पहुंचकर जांच की और सबूतों को एकत्र किया। विस्फोट वाले स्थल से पुलिस को कुछ कीलें बरामद हुई हैं। बताया जा रहा है कि धमाके का यह वीडियो साथ वाली इमारत में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया है।

केसरी ने विस्फोट में त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस की सराहना की
शिव सेना हिंदुस्तान जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष पं. राजेश केसरी ने विस्फोट की तुरंत जांच शुरू करने के लिए पुलिस की सराहना की है। केसरी ने कहा कि घटना की सूचना मिलने के 10 मिनट बाद ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। केसरी ने कहा कि उनकी पार्टी देशभक्तों की पार्टी है और जिस तरह से उन्होंने ड्रग्स तस्करों के खिलाफ जोरदार अभियान चलाया है और असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी आवाज उठाई है। उनको चुप कराने के लिए यह हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। हमारी युवा पीढ़ी को नष्ट करने पर तुले हुए लोगों के खिलाफ बोलना जारी रखेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें