Site icon Dainik Savera Times

पुंछ में गौवंश के अवशेष मिलने से फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

जम्मू-कश्मीर : पुंछ नगर में देर रात गौवंश के कटे हुए अवशेष मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बता दें कि घटना की जानकारी मिलते ही हिन्दू संगठनों में गहरा आक्रोश फैल गया। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सूत्रों के अनुसार, देर रात पुंछ नगर के एक मोहल्ले में कुछ लोगों ने सड़क किनारे गौवंश का कटा हुआ सिर, कान और अन्य अंग पड़े देखे। यह सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पाकर पुलिस दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा, इलाके को घेर लिया और अवशेषों को अपने कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया।

IND-W vs SA-W: महिला वर्ल्ड कप ट्रॉफी के लिए आर-पार का मुकाबला आज, इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर

शनिवार सुबह इस घटना के विरोध में बड़ी संख्या में हिन्दू संगठन सड़कों पर उतर आए। सनातन धर्म सभा, विश्व हिन्दू परिषद और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता मुख्य बस अड्डे पुंछ पर एकत्र हुए और जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष खेत्तरपाल शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल हिन्दू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली है, बल्कि शहर का माहौल खराब करने की साजिश भी प्रतीत होती है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे व्यापक आंदोलन छेड़ेंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।

इस बीच, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की गई है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि “दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

Women’s World Cup Final: जानें इससे पहले 2 बार किस टीम ने तोड़ा था भारतीय टीम का सपना

घटना के बाद शहर में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल, पुंछ में हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन तनाव की स्थिति बनी हुई है।

Exit mobile version