Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रीनगर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी

March 7, 2024

अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रीनगर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी

श्रीनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुरुवार को एक दिवसीय कश्मीर दौरे पर श्रीनगर पहुंचे। केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्य सचिव अटल डुल्लू, पुलिस महानिदेशक आरआर स्वैन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर श्री मोदी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री यहां बख्शी स्टेडियम में सार्वजनिक रैली को संबोधित करेंगे और इस दौरान वह जम्मू-कश्मीर के लिए प्रमुख विकासपरक परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। रैली स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं समेत हजारों की संख्या में लोग यहां जुटे हैं।

रैली के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए श्रीनगर में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। यातायात पुलिस ने प्रधानमंत्री की श्रीनगर यात्रा के दौरान कुछ मार्गों पर प्रतिबंध लगा दिया है। सार्वजनिक रैली स्थल को सुरक्षित कर लिया गया है और विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) ने इसे अपने कब्जे में ले लिया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा , “ड्रोन नियम, 2021 के नियम 24(2) के प्रावधानों के अनुसार, तत्काल प्रभाव से ड्रोन और क्वाडकॉप्टर के संचालन के लिए श्रीनगर शहर को ‘अस्थायी रेड जोन’ घोषित किया गया है।” अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा ख़त्म किए जाने के बाद प्रधानमंत्री की यह पहली कश्मीर यात्रा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें