Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

जम्मू से श्रीनगर तक जल्द दौड़ेगी Vande Bharat ट्रेन, रेलवे ने दी बड़ी जानकारी

September 26, 2025

जम्मू से श्रीनगर तक जल्द दौड़ेगी Vande Bharat ट्रेन, रेलवे ने दी बड़ी जानकारी

जम्मू-कश्मीर डेस्क: जम्मू-कश्मीर के यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारतीय रेलवे ने गुरुवार को घोषणा की कि जल्द ही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को सीधे जम्मू से श्रीनगर के बीच शुरू किया जाएगा। वर्तमान में यह ट्रेन कटरा से श्रीनगर के बीच चल रही है, लेकिन रेलवे अब इस सेवा को जम्मू तक विस्तारित करने की योजना पर तेजी से काम कर रहा है।

भारी बारिश और बाढ़ के कारण प्रोजेक्ट में हुई देरी

जम्मू डिविजनल रेलवे मैनेजर (DRM) ने बताया कि जम्मू से श्रीनगर तक वंदे भारत ट्रेन शुरू करने का निर्णय पहले ही लिया जा चुका था। लेकिन हाल ही में प्रदेश में हुई भारी बारिश और बाढ़ के कारण रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचा, जिसके चलते इस प्रोजेक्ट में देरी हुई। उन्होंने कहा कि बारिश और बाढ़ से कई जगहों पर पटरियों को गंभीर क्षति हुई थी, जिसे ठीक करने में समय लगा। फिलहाल ट्रैक की मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद इस नई सेवा को शुरू कर दिया जाएगा।

जम्मू से श्रीनगर तक जल्द दौड़ेगी Vande Bharat ट्रेन

अधिकारियों के अनुसार, जैसे ही मरम्मत और निरीक्षण का काम पूरा होगा, वंदे भारत ट्रेन को जम्मू से सीधे श्रीनगर के लिए रवाना किया जाएगा। उम्मीद है कि यह सेवा जल्द ही यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह ट्रेन रोजाना चलाई जाएगी और यात्रियों को मौजूदा रेल और सड़क मार्ग की तुलना में कम समय में आरामदायक सफर प्रदान करेगी।

गौरतलब है कि इस साल की शुरुआत में कटरा से श्रीनगर के बीच वंदे भारत ट्रेन सेवा शुरू की गई थी। इस सेवा से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और कश्मीर की यात्रा करने वाले पर्यटकों को काफी सुविधा मिली है। अब जब ट्रेन जम्मू से शुरू होगी, तो यात्रियों, श्रद्धालुओं और सैलानियों को और बेहतर कनेक्टिविटी और समय की बचत का लाभ मिलेगा।

तेज रफ्तार, आधुनिक सुविधाओं और आरामदायक सफर

वंदे भारत एक्सप्रेस अपनी तेज रफ्तार, आधुनिक सुविधाओं और आरामदायक सफर के लिए जानी जाती है। इसमें अत्याधुनिक सीटिंग अरेंजमेंट, ऑटोमैटिक दरवाजे, जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था शामिल है। इस नई सेवा से न सिर्फ जम्मू और श्रीनगर के बीच यात्रा आसान होगी, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें