Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

आवाम की आवाज :नवरात्रि पर उपराज्यपाल ने यू.टी की नारी शक्ति की प्रेरक कहानियां की साझा

October 16, 2023

आवाम की आवाज :नवरात्रि पर उपराज्यपाल ने यू.टी की नारी शक्ति की प्रेरक कहानियां की साझा

जम्मू: उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने आवाम की आवाज कार्यक्र म का 31वां संस्करण केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर की महिला परिवर्तनकर्ताओं को समर्पित किया। नवरात्रि के शुभ अवसर पर अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उपराज्यपाल ने महिलाओं के सशक्तिकरण और लैंगिक समानता के प्रति जम्मूकश्मीर सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई और कहा कि देवी दुर्गा महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। उपराज्यपाल ने कहा कि नवरात्रि का त्यौहार हमें नारी शक्ति की भलाई और प्रगति के लिए काम करने और लैंगिक-समान समाज बनाने के लिए प्रेरित करे।

इस महीने के कार्यक्र म में उप-राज्यपाल ने महिला उद्यमियों की प्रेरक यात्रा को साझा किया और महिला उद्यमिता के लिए एक सक्षम वातावरण बनाने और उनकी वास्तविक क्षमता का एहसास करने के लिए प्रशासन के प्रयासों पर प्रकाश डाला। श्रीनगर की एक उद्यमी और कारपेट्स उद्यम की मालिक राबिया रसूल दृढ़ विश्वास, प्रतिबद्धता, समर्पण और अदम्य साहस का प्रतीक हैं। उपराज्यपाल ने कहा, वह कालीनों की पारंपरिक अर्दबील शैली को भी पुनर्जीवित कर रही है जो अन्य युवा उद्यमियों को प्रेरित और प्रोत्साहित करेगी।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर की अनूठी सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत को मजबूत करने के प्रयासों के लिए संचियता प्रधान खजूरिया और मानसी गुप्ता की सराहना की। संचियता अपनी कंपनी शिल्पकारी बाजार बिजनेस के जरिए बसोहली और बीना कला को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने कहा, वह सभी महिलाओं के लिए प्रेरणा और प्रोत्साहन का एक बड़ा स्रोत हैं। मानसी गुप्ता परिवर्तन की एजेंट हैं और अन्य महिलाओं को अपने भाग्य की निर्माता बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

उप-राज्यपाल ने कहा कि उनकी कंपनी एम.जी डिजाइन स्टूडियो सांबा की केलिको पेंटिंग कला को पुनर्जीवित करने के लिए समर्पित प्रयास कर रही है। हौसला कार्यक्र म यू.टी प्रशासन की प्रमुख पहलों में से एक है जो महिला उद्यमियों को आगे बढ़ने और उत्कृष्टता हासिल करने में मदद कर रहा है। उप-राज्यपाल ने कहा, इससे जरीफा हामिद, शिवानी शर्मा और संयुक्ता भगत जैसी कई महिलाओं को ई-कॉमर्स बाजार का मूल्य सीखने और अपने व्यावसायिक विचारों को आगे बढ़ाने में मदद मिली।

ज़रीफ़ा हामिद को दिए गए समर्थन और सहायता ने पश्मीना शॉल बनाने वाली उनकी कंपनी मिसल एम्ब्रायडरी को वैश्विक ग्राहक प्राप्त करने में सक्षम बनाया है। शिवानी शर्मा अब अपने प्री-स्कूल के संचालन को डिजीटल रूप से प्रबंधित करती हैं। उन्होंने कहा, नवोन्मेषी विचारों के साथ, वह व्यवसाय और परिचालन मॉडल को फिर से परिभाषित कर रही है। उन्होंने कहा, आर.एस.पुरा की संयुक्ता भगत ने अपने अदम्य साहस से परिधान क्षेत्र में अपनी जगह बनाने के लिए कई चुनौतियों का सामना किया।

उप-राज्यपाल ने ब्लॉक घोरडी, उधमपुर के खुशी क्लस्टर फेडरेशन का विशेष उल्लेख किया, जो ई-कॉमर्स प्लेटफार्मों पर पाइन हस्तशिल्प के लॉन्च के साथ वैश्विक स्तर पर जाने की योजना बना रहा है। उन्होंने कहा, इससे उधमपुर के अत्यधिक प्रतिभाशाली कारीगरों, शिल्पकारों और छोटे उद्यमों के उत्पादों के लिए बेहतर पारिश्रिमक विपणन संबंध सुनिश्चित होंगे। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के व्यापार पारिस्थितिकी तंत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए जीनत मुश्ताक की सराहना की।

ज़ीनत का लक्ष्य अब राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भाग लेना है ताकि उन्होंने जो विपणन अनुभव और व्यावसायिक मूल्य प्राप्त किए है उन्हें अगली पीढ़ी को प्रदान किया जा सके। उप-राज्यपाल ने सहकारी समितियों को बढ़ावा देने, सहकारी उपभोक्ता संघ और प्राथमिक कृषि ऋ ण समितियों की दक्षता और स्वच्छ अभियान को जन अभियान बनाने के लिए श्रीनगर के शेख मोहम्मद सलीम, सांबा से संकर्षण और बडगाम से मुश्ताक अहमद लोन से प्राप्त बहुमूल्य सुझावों को व्यक्त किया।

उन्होंने खादी को बढ़ावा देने, स्ट्रीट वेंडरों के सशक्तिकरण और मुख्यधारा में लाने के संबंध में जम्मू के अर्नब खजूरिया, राजौरी के मोहम्मद असलम, सांबा के अभिनव भट्टी और जम्मू के रिदम शर्मा के इनपुट भी साझा किए और संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उप-राज्यपाल ने नागरिकों से त्यौहारी सीजन के दौरान स्थानीय उत्पाद खरीदने और स्वयं सहायता समूहों, कुम्हारों, छोटे निर्माताओं और विक्रेताओं का समर्थन करने का आग्रह किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें