
जम्मू: जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने बुधवार को कहा कि पाकिस्तान और उसकी एजेंसियां राज्य में युवा पीढ़ी को निशाना बनाने और आतंकी गतिविधियों के लिए पैसा जमा करने के मकसद से पिछले दो साल से नार्को-आतंकवाद का रास्ता अपना रही हैं। सिंह ने कहा कि आतंकवाद रोधी मोर्चे पर जनता का सहयोग एवं समर्थन उत्साहजनक है और ‘‘हम जम्मू कश्मीर को आतंकवाद मुक्त बनाने के बहुत करीब हैं।’’
उन्होंने कठुआ जिले के बानी इलाके के दौरे पर कहा, ‘‘इन दो साल में नार्को-आतंकवाद के कई मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है। इस तरह के करीब 20 मामलों में जांच चल रही है जो आतंकवादियों और उनके आकाओं की संलिप्तता दर्शाते हैं।’’ सिंह ने कहा कि सुरक्षा बल उन 119 भगोड़े अपराधियों के खिलाफ हरसंभव कार्रवाई करेंगे जो इस समय पाकिस्तान में हैं।