Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

हर हर महादेव, केदारनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब… इतने लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

June 19, 2026

हर हर महादेव, केदारनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब… इतने लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Kedarnath Dham: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं की यात्रा अपने चरम पर है। वीकेंड और छुट्टियों के चलते धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। आंकड़ों की बात करें तो गुरुवार शाम 5 बजे तक करीब 12 लाख 70 हजार 903 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।

श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा

केदारनाथ धाम पहुंच रहे श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। कई श्रद्धालुओं ने बताया कि वर्षों की मनोकामना पूरी होने के बाद उन्हें बाबा केदार के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। दर्शन के बाद श्रद्धालु भावुक भी नजर आए और उन्होंने इसे अपने जीवन का यादगार एवं आध्यात्मिक अनुभव बताया।

भक्तों ने व्यवस्थाओं की सराहना की

एक और भक्त ने बताया कि नीचे से चढ़ाई करके बाबा के दरबार में पहुंचकर उनका दर्शन करने का अनुभव सचमुच अलौकिक होता है। यहां का माहौल दिव्य है। यात्रा पर आए श्रद्धालुओं ने प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। श्रद्धालुओं का कहना है कि धाम में दर्शन, सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाएं संतोषजनक हैं तथा यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है।

यहां आकर स्वर्ग जैसा महसूस हो रहा

केदारनाथ धाम पहुंचकर अन्य यात्रियों ने बताया कि यहां आकर स्वर्ग जैसा महसूस हो रहा है। वहीं, एक महिला श्रद्धालु ने कहा कि यहां की व्यवस्था काफी अच्छी है। थोड़ी-थोड़ी दूरी पर शौचालय, पानी, आदि की सुविधाएं मौजूद हैं। यहां रहने के लिए होटल भी किफायती दामों में मिल रहे हैं।

घोड़ा-खच्चर व्यवस्थाओं को लेकर चिंता भी व्यक्त की

हालांकि, कुछ श्रद्धालुओं ने पैदल मार्ग पर संचालित घोड़ा-खच्चर व्यवस्थाओं को लेकर चिंता भी व्यक्त की। यात्रियों का कहना है कि कई स्थानों पर घोड़े-खच्चरों की आवाजाही के दौरान पैदल चल रहे श्रद्धालुओं को धक्के लगने और रास्ते में असुविधा का सामना करना पड़ता है। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से पैदल यात्रियों और घोड़ा-खच्चरों के संचालन के लिए बेहतर प्रबंधन की मांग की, ताकि यात्रा और अधिक सुरक्षित एवं सुगम बन सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें