Site icon Dainik Savera Times

केजरीवाल सरकार ने Delhi में 4 दिन शराब की दुकानों को बंद रखने का किया ऐलान

नई दिल्लीः दिल्ली सरकार ने इस वर्ष जुलाई से सितंबर की अवधि के लिए चार ‘ड्राई डे’ घोषित किया है जिसके तहत मुहर्रम, स्वतंत्रता दिवस, कृष्ण जन्माष्टमी और ईद मिलाद-उन-नबी पर राजधानी में शराब की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आबकारी विभाग से ड्राई डे को लेकर आए प्रस्ताव को बुधवार को मंजूरी दी। इसके तहत इस वर्ष जुलाई से सितंबर के दौरान मुहर्रम, स्वतंत्रता दिवस, कृष्ण जन्माष्टमी और ईद मिलाद-उन-नबी का पर्व पड़ रहा है। दिल्ली सरकार द्वारा घोषित ड्राई डे के अनुसार, इन पर्वों के दिन दिल्ली में शराब की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा।

दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग ने एक जुलाई से 30 सितंबर की अवधि के लिए ड्राई डे की सूची जारी कर दी है। इस सूची के अनुसार, 29 जुलाई को मुहर्रम, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस, सात सितंबर को कृष्ण जन्माष्टमी और 28 सितंबर को ईद मिलाद-उन-नबी का पर्व पड़ रहा है। सरकार ने इन पर्वों को ड्राई डे के रूप में शामिल किया है। गौरतलब है कि दिल्ली सरकार हर तीन महीने में ड्राई डे की लिस्ट जारी करती है। इसी परिप्रेक्ष्य में यह सूची जारी की गई है।

Exit mobile version