Last Updated: November 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

Kerala Budget : रबड़ का बढ़ाया गया समर्थन मूल्य, कृषि क्षेत्र के लिए 1698 करोड़ रुपए आवंटित

February 5, 2024

Kerala Budget : रबड़ का बढ़ाया गया समर्थन मूल्य, कृषि क्षेत्र के लिए 1698 करोड़ रुपए आवंटित

तिरुवनंतपुरमः केरल के वित्त मंत्री केएन बालगोपाल ने सोमवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2024-25 के लिए राज्य का बजट पेश किया। बजट में कृषि क्षेत्र के लिए 1,698.30 करोड़ रुपए आवंटित किए गए और रबड़ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 170 से बढ़ाकर 180 रुपए किया गया है। उन्होंने अत्यधिक गरीबी उन्मूलन के लिए 50 करोड़ रुपए अलग रखे और सहकारी क्षेत्र के लिए 134.42 करोड़ रुपए की घोषणा की हैं। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन सरकार के लिए चौथा बजट पेश करते हुए बालगोपाल ने कहा कि हालांकि राज्य आर्थिक संकट का सामना कर रहा है और केंद्र वित्तीय पाबंदियां लगा रहा है, लेकिन वाम लोकतांत्रिक मोर्चा सरकार विकास के मोर्चे पर कोई समझौता नहीं करेगी।

वित्त मंत्री ने कहा कि अगले तीन वर्षों में दक्षिणी राज्य में तीन लाख करोड़ रुपए का निवेश लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पारंपरिक कृषि क्षेत्र के लिए 1,698 करोड़ रुपए अलग रखे जाएंगे और पर्यटन क्षेत्र में 5,000 करोड़ रुपए का निवेश आकर्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा, कि ‘पर्यटन क्षेत्र बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2024-25 में इसके लिए 351 करोड़ रुपए आवंटित किए जा रहे हैं।’’ रबड़ किसानों द्वारा इसके समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की बढ़ती मांग के बीच बालगोपाल ने इसमें 10 रुपए की बढ़ोतरी की घोषणा की हैं।

उन्होंने कहा, कि ‘रबड़ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 170 रुपए से बढ़ाकर 180 रुपए कर दिया गया है।’’ उच्च शिक्षा क्षेत्र को अधिक समर्थन की घोषणा करते हुए मंत्री ने डिजिटल विश्वविद्यालय के लिए 250 करोड़ रुपये निर्धारित किए। साथ ही उन्होंने कहा, कि ‘राज्य रेल परियोजना को साकार करने के अपने प्रयास जारी रखेगा। इस संबंध में केंद्र सरकार से बातचीत जारी है।’’ मंत्री ने दक्षिणी राज्य की वित्तीय समस्याओं के लिए केंद्र की आर्थिक नीतियों और केरल की कथित उपेक्षा को भी जिम्मेदार ठहराया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें