Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

केरल उपचुनाव: पुथुपल्ली विधानसभा सीट पर मतदान जारी, पहले चार घंटे में 26.6 प्रतिशत मतदान

September 5, 2023

केरल उपचुनाव: पुथुपल्ली विधानसभा सीट पर मतदान जारी, पहले चार घंटे में 26.6 प्रतिशत मतदान

केरल के कोट्टायम जिले के पुथुपल्ली विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। मतदान के शुरुआती चार घंटे में 26.6 प्रतिशत मतदान हुआ और निर्वाचन क्षेत्र के 182 मतदान केंद्रों में से कई केंद्रों के बाहर पुरुषों, महिलाओं, युवाओं को कतार में खड़े देखा गया। जिला प्रशासन ने कहा कि पूर्वाह्न् 11 बजे तक 46,928 (24,682 पुरुषों और 22,246 महिलाओं) ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

निर्वाचन क्षेत्र में 1.76 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर उपचुनाव में सत्तारूढ़ मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। चांडी का इस साल 18 जुलाई को निधन हो गया था। उन्होंने पांच दशकों से अधिक समय तक कोट्टायम जिले के इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।

कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने ओमन चांडी के बेटे चांडी ओमन को चुनाव मैदान में उतारा है। वेिषक इस कदम को पूर्व मुख्यमंत्री के निधन के बाद सहानुभूति लहर को भुनाने की एक स्पष्ट रणनीति के रूप में देख रहे हैं। वहीं, सत्तारूढ़ वाम मोर्चे ने एक बार फिर डीवाईएफआई नेता जैक सी थॉमस पर भरोसा जताया है, जिन्होंने 2016 और 2021 में दिवंगत चांडी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत नहीं पाए थे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने कोट्टायम जिला अध्यक्ष जी. लिजिनलाल को टिकट दिया है। पुथुपल्ली विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,76,417 मतदाता मतदान के पात्र हैं, जिनमें 90,281 महिलाएं, 86,132 पुरुष और चार ट्रांसजेंडर शामिल हैं। क्षेत्र में उपचुनाव के लिए कुल 182 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें