Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

केरल के कोल्लम SAI हॉस्टल में 2 ट्रेनी खिलाड़ियों ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

January 15, 2026

केरल के कोल्लम SAI हॉस्टल में 2 ट्रेनी खिलाड़ियों ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

नेशनल डेस्कः केरल के कोल्लम जिले में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के हॉस्टल में दो ट्रेनी गर्ल्स खिलाड़ियों ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतकों की पहचान कोझिकोड जिले की संद्रा (17 वर्ष) और तिरुवनंतपुरम की वैष्णवी (15 वर्ष) के रूप में की है। संद्रा एथलेटिक्स ट्रेनी और कक्षा 12 की छात्रा थीं, जबकि वैष्णवी कबड्डी खिलाड़ी और कक्षा 10 की पढ़ने वाली थीं।

घटना का विवरण

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 5 बजे यह घटना सामने आई। हॉस्टल के अन्य ट्रेनी सुबह की ट्रेनिंग के लिए तैयार हो रहे थे, लेकिन दोनों लड़कियां नहीं पहुंचीं। कमरे का दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब न मिलने पर हॉस्टल अधिकारियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। वहां दोनों अचेत अवस्था में मिलीं। पुलिस के अनुसार, वैष्णवी अलग कमरे में रहती थी, लेकिन बुधवार रात वह संद्रा के कमरे में सोने आई थी। हॉस्टल की अन्य लड़कियों ने भोर में दोनों को देखा भी था। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की शुरू

कोल्लम ईस्ट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। जांच में हॉस्टल के अन्य ट्रेनी, ट्रेनर और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस मानसिक दबाव, व्यक्तिगत समस्या, ट्रेनिंग तनाव या अन्य कारणों की पड़ताल कर रही है। SAI हॉस्टल में राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह घटना चिंताजनक है। आगे की जांच से और स्पष्टता मिलने की उम्मीद है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें