नेशनल डेस्कः केरल की राजनीति में लंबे समय से चल रही मुख्यमंत्री पद की चर्चा अब खत्म हो गई है। कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए घोषणा की कि V. D. Satheesan राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। 4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद से मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अब पार्टी ने अंतिम फैसला ले लिया है।
#WATCH कांग्रेस ने वीडी सतीसन को केरल का मुख्यमंत्री नामित किया है। pic.twitter.com/Uf10Ohulmh
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 14, 2026
सतीशन के नाम पर क्यों बनी सहमति?
वीडी सतीशन को कांग्रेस पार्टी के अंदर मजबूत समर्थन मिला। खास बात यह रही कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने खुलकर उनके पक्ष में आवाज उठाई। केरल के कई हिस्सों में उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग वाले पोस्टर लगाए गए और समर्थकों ने प्रदर्शन भी किए। सतीशन को केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का ही नहीं, बल्कि सहयोगी दल IUML का भी समर्थन मिला। दूसरी तरफ, केसी वेणुगोपाल को कांग्रेस आलाकमान की पसंद माना जा रहा था, लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेता A. K. Antony और K. Muraleedharan ने सतीशन का समर्थन किया। इसी वजह से आखिरकार पार्टी नेतृत्व ने सतीशन के नाम पर मुहर लगा दी।
कौन हैं वीडी सतीशन?
V. D. Satheesan केरल की परवूर विधानसभा सीट से साल 2001 से लगातार विधायक चुने जाते रहे हैं। उन्हें राज्य की राजनीति में एक मजबूत और सक्रिय नेता माना जाता है।
साल 2021 में उन्हें रमेश चेन्निथला की जगह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया गया था। 2021 से 2026 तक उन्होंने विपक्ष की भूमिका मजबूती से निभाई और कई मुद्दों पर राज्य की लेफ्ट सरकार को घेरा। खासतौर पर भ्रष्टाचार के मामलों में उन्होंने सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया। विधानसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने पूरे राज्य में कांग्रेस के लिए जोरदार प्रचार किया और पार्टी को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कांग्रेस ने सतीशन पर ही क्यों जताया भरोसा?
वीडी सतीशन लंबे समय से केरल कांग्रेस का एक प्रभावशाली चेहरा रहे हैं। संगठन के अंदर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी अच्छी छवि है। नेता प्रतिपक्ष रहते हुए उन्होंने जनता के मुद्दों को लगातार उठाया, जिससे उनकी लोकप्रियता बढ़ी। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि उनकी अगुवाई में पार्टी राज्य में और मजबूत होगी और आने वाले राजनीतिक मुकाबलों के लिए बेहतर रणनीति तैयार कर सकेगी।
कई बैठकों के बाद लिया गया फैसला
मुख्यमंत्री के नाम को लेकर कांग्रेस आलाकमान ने कई दौर की बैठकों कीं। वरिष्ठ नेताओं और नवनिर्वाचित विधायकों से राय लेने के बाद आखिरकार वीडी सतीशन के नाम पर सहमति बनी। पार्टी का मानना है कि सतीशन के नेतृत्व में कांग्रेस केरल में संगठन को नई मजबूती दे पाएगी और भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों का बेहतर तरीके से सामना करेगी।
समर्थकों में खुशी और जश्न का माहौल
वीडी सतीशन के मुख्यमंत्री बनने की घोषणा के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। केरल के कई इलाकों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। कहीं मिठाइयां बांटी गईं तो कहीं पटाखे फोड़े गए। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सतीशन को मुख्यमंत्री बनाए जाने का फैसला केरल की राजनीति में बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।
दूध के बाद बढ़े CNG के दाम, आम लोगों की जेब पर पड़ेगा असर, बढ़ सकता है ऑटो-टैक्सी का किराया

