Site icon Dainik Savera Times

Ketan Agarwal murder case: पिता का बड़ा दावा, कहा- घटना वाले दिन ही सिया गोयल पर हो गया था शक

ketan murder case

Ketan Agarwal murder case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस में अब एक नया खुलासा सामने आया है। केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने दावा किया है कि उन्हें घटना वाले दिन ही सिया गोयल के व्यवहार पर शक हो गया था। उनका कहना है कि जब पुलिस ने बताया कि केतन की सांसें चल रही हैं और उसे तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए, तभी सिया के चेहरे के हावभाव अचानक बदल गए। इतना ही नहीं, परिवार ने जब उससे घटना के बारे में सवाल पूछे तो उसने किसी भी सवाल का ठीक से जवाब नहीं दिया।

मां का फोन आने पर परिवार पहुंचा मौके पर
विशाल अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि 18 जून को सिया गोयल की मां का फोन आया था। उन्होंने बताया कि केतन लोहगढ़ किले से खाई में गिर गया है। यह खबर मिलते ही परिवार तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गया। जब परिवार वहां पहुंचा तो केतन को पहले ही खाई से बाहर निकाला जा चुका था। विशाल अग्रवाल ने बताया कि उस समय केतन का मुंह कपड़े से बंधा हुआ था। परिवार ने चेहरा खुलवाकर उसकी पहचान की।

लोहगढ़ किले पर घूमने गए थे दोनों
जानकारी के मुताबिक, 18 जून को केतन अग्रवाल और उनकी मंगेतर सिया गोयल पुणे के लोहगढ़ किले पर घूमने गए थे। इसी दौरान केतन के खाई में गिरने की खबर सामने आई, जिससे उसकी मौत हो गई। शुरुआत में इस घटना को हादसा माना जा रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ने के बाद पुलिस को हत्या की आशंका हुई।

सिया और उसके बॉयफ्रेंड पर हत्या का आरोप
पुलिस जांच में सिया गोयल पर अपने कथित बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन की हत्या करने का आरोप लगा है। जांच एजेंसियों का मानना है कि दोनों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों को हिरासत में लिया हुआ है। दोनों से लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले की गहराई से जांच जारी है।

पुलिस कर रही है हर पहलू की जांच
पुलिस इस मामले में सभी सबूतों और घटनास्थल से मिले सुरागों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि केतन की मौत एक हादसा थी या फिर पहले से रची गई साजिश के तहत की गई हत्या।

 

Exit mobile version