Last Updated: November 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

परिसीमन पर खरगे ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग दोहराई

August 28, 2026

परिसीमन पर खरगे ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग दोहराई

नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने परिसीमन के मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। खरगे ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने पीएम मोदी को परिसीमन, संसद के मानसून सत्र के सत्रावसान में देरी और केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री द्वारा एक टीवी इंटरव्यू में बताए गए संभावित विशेष सत्र के बारे में पत्र लिखा है। खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पत्र की प्रति साझा की।

उन्होंने पत्र में लिखा, प्रधानमंत्री जी, मैंने पिछली बार आपको 16 जुलाई को पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि परिसीमन के लिए सरकार के प्रस्तावों पर चर्चा करने को सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए। मैंने यह भी अनुरोध किया था कि संसद के किसी विशेष सत्र में इन प्रस्तावों को पेश करने से पहले, सभी राजनीतिक दलों को इनका विस्तार से अध्ययन करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाए।

खरगे ने लिखा, मैं अब इस अनुरोध को दोहराने के लिए लिख रहा हूं क्योंकि केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री ने बुधवार रात एक टैलीविजन साक्षात्कार में सार्वजनिक रूप से कहा है कि संसद का ऐसा विशेष सत्र बुलाया जा सकता है। शायद इसी कारण से मानसून सत्र के सत्रावसान में लगातार देरी हो रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने पत्र में पार्टी का रुख स्पष्ट करते हुए 3 मांगें रखीं। उन्होंने लिखा, इंडियन नैशनल कांग्रेस का रुख बिल्कुल स्पष्ट है। पहला, अगले 25 वर्षों तक लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या 543 बनाए रखी जाए। दूसरा, अगले 25 वर्षों तक लोकसभा में राज्यों के अनुसार मौजूदा प्रतिनिधित्व यानी सीटों की संख्या को बनाए रखा जाए। तीसरा, 2029 के लोकसभा चुनावों से महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू किया जाए।”

खरगे ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री के बताए अनुसार आगे बढ़ने से पहले वह दो बातों पर ध्यान दें। पहला, परिसीमन के जो भी प्रस्ताव सरकार के मन में हैं, उन पर चर्चा करने के लिए सभी दलों की एक बैठक बुलाएं। दूसरा, सभी राजनीतिक दलों और राज्य सरकारों को ऐसे प्रस्तावों का अध्ययन करने के लिए पर्याप्त समय दें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें