Site icon Dainik Savera Times

खूंटी में दिल दहला देने वाला हादसा, 4 महिलाओं और 3 बच्चों की मौत, मची चीख-पुकार

Khunti accident

Khunti accident

Khunti accident: झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार 18 पहियों वाले ट्रक ने सात लोगों की जान ले ली। कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर पोड़ा से पहले जोने-लुदरू मोड़ के पास हुए इस हादसे में चार महिलाओं और तीन बच्चों की मौत हो गई।

मृतकों में पाको देवी, कसीला देवी, मानहू देवी, गोलू कुमार, अंजलि कुमारी, तूती कुमारी और 12 वर्षीय सौरभ नायक शामिल हैं। हादसे में घायल खुशबू कुमारी का खूंटी सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

एक ही कॉलोनी के रहने वाले थे मृतक
सभी मृतक जोने-लुदरू मोड़ के पास स्थित कॉलोनी के रहने वाले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9.45 बजे एक स्कूटी सवार जोने-लुदरू मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पुलिया के पास झाड़ियों में गिर गया था।

घटना की जानकारी मिलने पर आसपास की महिलाएं और बच्चे उसे देखने और मदद के लिए पुलिया के पास पहुंचे थे। इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

ये भी पढ़ें- Weather Update 6 Nov 2026: बारिश बिगाड़ेगी त्योहारों का मजा? दिल्ली-UP से राजस्थान तक बदलेगा मौसम, IMD ने जारी की चेतावनी

 

स्थानीय लोगों की मदद से लाया गया अस्पताल
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी मृतकों के शव और घायलों को खूंटी सदर अस्पताल लाया गया। रात करीब 11:15 बजे इलाज के दौरान 12 वर्षीय सौरभ नायक ने भी दम तोड़ दिया। इसके साथ ही मृतकों की संख्या सात हो गई।

तोरपा की ओर जा रहा था ट्रक
घायल खुशबू कुमारी का अस्पताल में इलाज जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रक (जेएच 02 एजे 1377) का चालक नशे में था। वह तोरपा की ओर से काफी तेज रफ्तार और लापरवाही से कर्रा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे जुटे लोगों को उसने कुचल दिया। हादसे के बाद चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।

Exit mobile version