Kidnapped Innocent Child For 1.5 Crore : पानीपत। थर्मल पॉवर स्टेशन के पार्क से शाम करीब साढ़े सात बजे एक्सईएन सुनीता चंद्रावत के 12 साल के बेटे कबीर का अपहरण हो गया। इसके बाद उनसे फोन पर डेढ़ करोड़ की फिरौती मांगी गई। ये आरोपी बच्चे के साथ पार्क में खेलने वाला काॅलोनी का ही युवक विशाल था, जो उसे कार चलाने के बहाने ले गया।
इसके लिए विशाल ने 1500 रुपये में कार किराये पर ली। कार में लगे जीपीएस से लोकेशन लेकर पुलिस अपहर्ताओं विशाल उसके दोस्त आदेश और एक महिला शारदा तक पहुंच गई। 11 घंटे बाद पुलिस ने रोहतक के किलोई गांव के पास कार को घेर लिया। घेराबंदी होती देख अपहर्ताओं ने कबीर को चलती कार से फेंक दिया। इससे उसके हाथ-पैरों में चोट आई है। इसके बाद अपहर्ताओं के साथ मुठभेड़ हो गई और दोनों ओर से करीब 11 राउंड फायर हुए। इसमें विशाल और आदेश पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
अपहरण की साजिश में आदेश की रोहतक के भराण गांव निवासी महिला मित्र शारदा भी शामिल रही। तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया है। थर्मल पॉवर प्लांट में एक्सईएन सुनीता के पति समीर गेल इंडिया में डीजीएम हैं और जयपुर में तैनात हैं। कबीर सातवीं का छात्र है। सुनीता ने शुक्रवार रात करीब दस बजे पुलिस को सूचना दी कि उनके छोटे बेटे कबीर के मोबाइल नंबर से उनके पास व्हाट्सएप काॅल आई है। उसका अपहरण कर ले गए बदमाशों ने 1.5 करोड़ की फिरौती मांगी। उनकी सूचना पर पुलिस ने पार्क के पास से सीसीटीवी कैमरे खंगाले। एक फुटेज में कार का नंबर नजर आया।
इससे पता लगा कि कार कोतानी रोड निवासी निखिल की है। निखिल ने पुलिस को बताया कि विशाल कार को किराये पर ले गया है। कार में जीपीएस लगा है। पुलिस ने जीपीएस से कार की लोकेशन ट्रेस की। एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि अपहर्ताओं की लोकेशन बदलती जा रही थी। पुलिस पीछा करती रही। आखिर किलोई में पुलिस का ऑपरेशन सफल हो गया। गिरफ्तार आरोपियों में विशाल थर्मल का ही रहने वाला है। आदेश सुंदर नगर क्षेत्र के आदर्श नगर का रहने वाला है। कबीर के अपहरण के थोड़ी देर बाद ही विशाल के साथ कार में आदेश भी आ गया। दोनों कबीर को सहारनपुर के गंगोह में ले गए। वहां से फिरौती के लिए कॉल की। इसके बाद वहां से निकल गए। 200 किलोमीटर से ज्यादा चलने के बाद वे रोहतक के किलोई पहुंचे।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...