Site icon Dainik Savera Times

Haryana News : बाइक पर बच्चे का अपहरण, छटपटाहट में गिरा मासूम, आरोपी गिरफ्तार

Crime news

Crime news

यमुनानगर। भाटली गांव की एक गली में खेल रहे बच्चे का दो लोगों ने बाइक पर अपहरण कर लिया। इन दोनों ने बच्चे के हाथ पैर प्लास्टिक की रस्सी से बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। बच्चे की छटपटाहट ने इन दोनों के मंसूबे सिरे नहीं चढ़ने दिए।

गली में खेल रहा था बच्चा

बच्चे के परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताय कि 10 वर्षीय मासूम गांव की ही एक गली में था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक आए। उन्होंने बच्चे से किसी का पता पूछने के लिए अपने पास बुलाया। मासूम जैसे ही मदद के इरादे से बाइक के करीब पहुंचा पीछे बैठे बदमाश ने उसे जबरन बाइक पर खींच लिया और भागने लगे। ये दोनों सुनसान रास्तों की तरफ ले भागे।

बच्चे ने नहीं हारी हिम्मत

उन्होंने रास्ते में ही बच्चे के हाथ-पैर प्लास्टिक की रस्सी से जकड़ दिए और चेहरे पर रुमाल बांध दिया। जान बचाने के लिए मासूम लगातार मोटरसाइकिल पर ही छटपटाता रहा। इसी खींचतान के बीच अचानक तेज रफ्तार बाइक लड़खड़ा गई और बच्चा सड़क पर आ गिरा। कुछ दूरी पर ग्रामीणों को खड़ा देख बदमाश घबरा गए और बच्चे को छोड़कर भाग गए। सड़क पर गिरे मासूम ने हिम्मत नहीं हारी और वह रेंगते हुए गली के बीच तक पहुंचा।

ग्रामीणों ने की मासूम की मदद

जब ग्रामीणों ने देखा तो उसके हाथ-पांव बंधे हुए थे और मुंह से खून बह रहा था। ग्रामीणों ने तुरंत मोबाइल से इस पूरी स्थिति और बच्चे की रस्सी काटने का वीडियो रिकॉर्ड किया, जिससे कि पुलिस को सुबूत दे सकें। इसके बाद पूरे इलाके में शोर मच गया और ग्रामीणों की टोलियों ने बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कुछ ही दूरी पर जाकर घेराबंदी की और भाग रहे एक बदमाश को दबोच लिया। गुस्से में आई भीड़ ने आरोपी की मौके पर ही धमकाया।

आरोपी के साथ बाइक भी कब्जे में

उसकी मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई। इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर उसका दूसरा साथी मौके से रफूचक्कर होने में कामयाब रहा। पकड़ा गया आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। वह खुद को बेकसूर बताते हुए अनजान बन रहा है। पुलिस टीम बच्चे को साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंची और मुआयना किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का सच सामने आएगा कि ये किडनैपिंग क्यों की जा रही थी। फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही है।

Also Read : 

Exit mobile version