Site icon Dainik Savera Times

पकड़ा गया IRS अधिकारी की बेटी का हत्यारा, कहा- अगर दीदी पैसे दे देतीं, तो यह नहीं होता

Delhi Murder Case

Delhi Murder Case

नेशनल डेस्क: दक्षिणी दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बुधवार सुबह एक आईआरएस अधिकारी और उनकी पत्नी जब जिम से करीब 8 बजे अपने घर लौटे तो घर का दरवाजा खोलते ही उनके होश उड़ गए। उनकी बेटी खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थी।

घबराए माता-पिता ने बिना देर किए बेटी को उठाया और तुरंत कार से ओखला स्थित फोर्टिस एस्कोर्ट अस्पताल ले गए। अस्पताल पहुंचने के बाद सुबह करीब 8:49 बजे पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस की एक टीम अस्पताल और दूसरी टीम कैलाश हिल्स स्थित घर पर पहुंची, जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो घर का दृश्य बेहद भयावह था। हर तरफ खून फैला हुआ था और दीवारों से लेकर फर्श तक खून के निशान दिखाई दे रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के बड़े अधिकारी, क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।

जांच में पता चला कि परिवार तीसरी मंजिल पर रहता था। घर के अंदर मेन हॉल से युवती के कमरे तक जाने के लिए कुछ सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। फॉरेंसिक टीम को कमरे में एक टूटा हुआ लैंप और खून से सनी पानी की बोतल मिली। इसके अलावा बिस्तर और फर्श पर भी काफी खून पाया गया। शुरुआती जांच से यह संकेत मिला कि आरोपी ने युवती को कमरे से घसीटते हुए नीचे लाया था, क्योंकि सीढ़ियों पर भी खून के निशान मिले।

ये भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी: नकली ENO-कॉफी बनाने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपनी ने बाथरूम में जाकर अपने हाथ-पैर और मुंह धोए। इसके बाद वह कैश, जेवरात और अन्य सामान को बैग में डालकर फरार हो गया। पुलिस ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की पड़ताल कर उसके आने-जाने का रूट खंगाला। बाद में फुटेज को सबूत के तौर पर कब्जे में लेकर फ्रीज कर दिया गया है।

पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए राहुल को द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार किया, जहां वह छिपा बैठा था। गुरुवार को उसे साकेत कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे चार दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी राहुल मीणा ने कहा कि अगर दीदी पैसे दे देतीं, तो यह नहीं होता। वह सिर्फ पैसे लेने के इरादे से उस अधिकारी के घर में घुसा था, जांचकर्ताओं ने पूछा कि IRS अफसर की बेटी की हत्या क्यों की, तो उसने कहा कि बस यूं ही हो गया।

पुलिस सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि आरोपी ने जांचकर्ताओं को बताया कि IRS अधिकारी के परिवार ने उसके साथ बहुत अच्छा व्यवहार किया और उसे 20,000 रुपये मासिक वेतन दिया। उसने खुलासा किया कि उसने पीड़िता की मां के बुलावे का बहाना बनाकर घर में प्रवेश किया, जिसे वह आंटी कहता था।

ये भी पढ़ें: पंजाब में छात्रों के लिए बड़ी घोषणा: अब निजी स्कूलों के विद्यार्थियों को सीधे बोर्ड से मिलेंगी किताबें

Exit mobile version