Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

सियार मारने के कारण ग्रामीणों पर केस दर्ज, कुछ दिन पहले ही राहगीर पर किया था हमला 

December 9, 2024

सियार मारने के कारण ग्रामीणों पर केस दर्ज, कुछ दिन पहले ही राहगीर पर किया था हमला 
Killing a Jackal : पीलीभीत जिले में मानव बस्ती में घुसे एक सियार की पीट-पीटकर हत्या के मामले में अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि वन विभाग के दारोगा सोनी सिंह की तहरीर पर अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सिंह ने दी तहरीर में कहा है कि चार दिसंबर को सुबह सात बजे उन्हें सूचना मिली कि तीन दिसंबर की शाम को न्यूरिया थाना क्षेत्र के टोडरपुर गांव के निवासी लेखराज को बाजार से वापस लौटते समय गिधोर गांव के पास सियार ने हमला करके घायल कर दिया था, जिसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाए थे।
सूत्रों के मुताबिक तहरीर में कहा गया है कि घायल लेखराज द्वारा बताए गए घटनास्थल गिधौर गांव के पास खिरका फार्म जाने वाले रास्ते पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया।
उन्होंने बताया कि आसपास छानबीन करने पर मझौला ड्यूनीडाम मार्ग के किनारे घटनास्थल के पास एक सियार का शव बरामद हुआ। स्थानीय ग्रामीणों ने पूछताछ में उसी सियार का शव होने की पुष्टि की, जिसने लेखराज को घायल किया था।
सूत्रों ने बताया कि सियार के हमले के दौरान लेखराज की चीख पुकार सुनकर एकत्र हुए स्थानीय लोगों एवं राहगीरों की भीड़ ने लाठी-डंडों से हमला करके उसे मार डाला।
सियार को मारने में शामिल अभियुक्तों का नाम-पता जानने के काफी प्रयास किया गया, लेकिन पूछताछ में स्थानीय लोगों ने किसी व्यक्ति का नाम नहीं बताया।
न्यूरिया थाना प्रभारी रूपा बिष्ट ने बताया कि पुलिस ने वन दरोगा की तहरीर पर वन्यजीव (सरंक्षण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें