Site icon Dainik Savera Times

रामलीला रैली में भीड़ की AI वाली पोस्ट पर किरेन रिजिजू ने कसा तंजः कहा- ठीक से दिखावा भी नहीं कर पाए

Kiran rijju

नई दिल्ली: दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रविवार को विपक्षी गठबंधन ‘इंडी’ की ओर से आयोजित रैली के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। रैली में शामिल हुई भीड़ को लेकर दोनों पार्टियां आमने-सामने आ गई हैं। बीजेपी ने कांग्रेस पर रैली में ज्यादा भीड़ दिखाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाई गई फर्जी तस्वीरें शेयर करने का आरोप लगाया है। वहीं, कांग्रेस ने बीजेपी के इन आरोपों को गलत बताते हुए रैली में लाखों लोगों के शामिल होने का दावा किया है।

AI से बनाई गई फर्जी तस्वीरें शेयर करने का आरोप
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने रामलीला मैदान में भारी भीड़ दिखाने के लिए AI से तैयार की गई नकली तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस सांसद वामसी गड्डम और कुछ अन्य नेताओं की ओर से पोस्ट की गई एक तस्वीर साझा की। इस तस्वीर के साथ उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी की फेक नैरेटिव टीम रामलीला मैदान को पूरी तरह भरा हुआ दिखाने के लिए AI से बनी तस्वीर भी सही तरीके से तैयार नहीं कर पाई।

दरअसल, इस तस्वीर को कांग्रेस के कई समर्थकों ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था। कांग्रेस के पूर्व सांसद और कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य जगदीश ठाकोर ने भी इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया था।

इसके बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने तस्वीर पर सवाल उठाए। यूजर्स का दावा था कि तस्वीर में मंच पर दिखाई दे रहे राहुल गांधी और सोनिया गांधी के चेहरे असली तस्वीरों से मेल नहीं खाते। इसके अलावा रैली के मंच की बनावट में भी अंतर दिखाई दे रहा था।

बीजेपी ने रैली को बताया पूरी तरह फ्लॉप
रामलीला मैदान में हुई रैली को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए इसे फ्लॉप शो बताया। बीजेपी नेताओं ने सोशल मीडिया पर खाली कुर्सियों की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए। बीजेपी का दावा है कि कांग्रेस ने रैली से पहले 10 लाख लोगों के जुटने की बात कही थी, लेकिन मौके पर उतनी भीड़ दिखाई नहीं दी। बीजेपी नेताओं के मुताबिक, रैली के दौरान मैदान का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा खाली था।

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने रैली से पहले बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने का दावा किया था, लेकिन असल तस्वीर कुछ और ही थी। संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि रैली में भीड़ दिखाने के लिए ट्रिक फोटोग्राफी का सहारा लिया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस तरह की तस्वीरों और तरीकों से कोई प्रधानमंत्री नहीं बन सकता।

कांग्रेस ने ड्रोन वीडियो जारी कर किया पलटवार
बीजेपी की ओर से रैली को फ्लॉप बताए जाने के बाद कांग्रेस ने भी पलटवार किया। पार्टी ने रामलीला मैदान में आयोजित रैली के ड्रोन फुटेज और तस्वीरें सोशल मीडिया पर जारी कीं।कांग्रेस का दावा है कि रैली में लाखों की संख्या में लोग शामिल हुए थे। पार्टी ने इन तस्वीरों और वीडियो के जरिए बीजेपी के खाली मैदान वाले दावों को गलत साबित करने की कोशिश की।इस तरह रैली में शामिल लोगों की संख्या को लेकर दोनों पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

 

Exit mobile version