नई दिल्ली। कोलकाता के एक नामी लॉ कॉलेज की छात्रा के साथ कॉलेज के यूनियन रूम में गैंगरेप की घटना ने पूरे राज्य को हिला दिया है। इस गंभीर अपराध को लेकर जहां आम लोग आक्रोश में हैं, वहीं अब यह मामला राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। वहीं, इस घटना ने सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के अंदर छुपे मतभेदों को भी उजागर कर दिया है। पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने इस मामले में ऐसे बयान दिए हैं जिनसे पार्टी की छवि को नुकसान हुआ है।
विवादित बयानों से पार्टी ने बनाई दूरी
टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी और मदन मित्रा के बयानों को लेकर भारी विवाद हुआ। इन नेताओं की टिप्पणियों को खुद पार्टी की सांसद महुआ मोइत्रा ने “घृणित” और “शर्मनाक” बताया। महुआ ने कहा कि टीएमसी ऐसी बातों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करती, चाहे वह किसी भी नेता ने क्यों न कही हो।
कल्याण बनर्जी ने महुआ मोइत्रा पर किया निजी हमला
महुआ मोइत्रा की आलोचना का जवाब देते हुए सांसद कल्याण बनर्जी ने उन पर निजी टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा कि महुआ “हनीमून मनाकर लौटी हैं और मुझसे झगड़ने लगी हैं।” बनर्जी ने आरोप लगाया कि महुआ खुद “किसी और का घर तोड़कर शादी” करने वाली महिला हैं।
40 साल पुराना रिश्ता तोड़कर 65 साल के आदमी से…
बता दें कि महुआ मोइत्रा ने हाल ही में पूर्व बीजेडी सांसद और वरिष्ठ वकील पिनाकी मिश्रा से बर्लिन में शादी की थी। कल्याण बनर्जी ने इसी शादी को लेकर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने “40 साल पुराना रिश्ता तोड़कर 65 साल के आदमी से शादी की” और अब मुझे “महिला विरोधी” बता रही हैं।
सोशल मीडिया पर भी मचा बवाल
यह पूरा मामला अब सोशल मीडिया पर छा गया है। महुआ मोइत्रा के समर्थन में कई लोग सामने आए हैं, जबकि कुछ लोग कल्याण बनर्जी के बयान को सही ठहराने की कोशिश कर रहे हैं।

