Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

कोलकाता भगदड़: सीएम ने दिए निष्पक्ष जांच के आदेश, मुआवजे का ऐलान

October 18, 2026

कोलकाता भगदड़: सीएम ने दिए निष्पक्ष जांच के आदेश, मुआवजे का ऐलान

नेशनल डेस्कः कोलकाता के नॉर्थ कोलकाता इलाके के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में अचानक भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हो गया। जहां, इस दर्दनाक घटना में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुर्गा पूजा पंडाल में सब कुछ सामान्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए बड़ी संख्या में लोग पंडाल के अंदर जाने की कोशिश करने लगे।

एक साथ बहुत ज्यादा लोगों के अंदर जाने की कोशिश करने से एंट्री और एग्जिट गेट के पास भीड़ का दबाव बढ़ गया। बताया जा रहा है कि बाहर निकलने वाले लोगों और अंदर जाने वाले लोगों के बीच रास्ते में दबाव बढ़ने लगा, जिसके बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

एग्जिट गेट के पास सबसे ज्यादा भीड़
बताया जा रहा है कि हादसा पंडाल के एग्जिट गेट के पास हुआ। भीड़ बढ़ने के कारण कई लोग बाहर नहीं निकल पा रहे थे। देखते ही देखते गेट के आसपास भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान कई लोग नीचे गिर गए और भगदड़ में दब गए। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव का काम शुरू किया।

लाउडस्पीकर पर घोषणा के बाद बिगड़े हालात?
मौके पर मौजूद एसीपी से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक निजी सुरक्षा एजेंसी की ओर से घोषणा और सीटी बजाए जाने के बाद हालात बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि लाउडस्पीकर के जरिए चोरबागान पूजा समिति की ओर से वीआईपी पास वाले लोगों को प्रवेश देने की घोषणा की गई थी। इसके बाद वहां मौजूद लोगों के बीच अचानक धक्का-मुक्की शुरू होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस और प्रशासन की जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि भगदड़ की असली वजह क्या थी।

संकरा था पंडाल का रास्ता
हादसे को लेकर एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि पंडाल में प्रवेश करने का रास्ता कुछ जगहों पर काफी संकरा था। भीड़ बढ़ने के बाद संकरे रास्ते में लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई। ऐसे में भीड़ का दबाव बढ़ने से भगदड़ की स्थिति पैदा होने की आशंका जताई जा रही है। अब जांच में यह भी देखा जाएगा कि पंडाल में एंट्री और एग्जिट की व्यवस्था कैसी थी, रास्ते कितने चौड़े थे और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए क्या इंतजाम किए गए थे।

हादसे वाली जगह पर बैरिकेडिंग
जिस एग्जिट गेट के पास हादसा हुआ, उसे फिलहाल बंद कर दिया गया है। वहां पुलिस की ओर से बैरिकेडिंग भी कर दी गई है। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों और पंडाल में सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री अस्पताल पहुंचे
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे, जहां हादसे में घायल लोगों का इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और हादसे की जांच के आदेश दिए। मुख्यमंत्री के मुताबिक, घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों की शुरुआती रिपोर्ट में पूजा आयोजकों की ओर से लाउडस्पीकर पर की गई एक घोषणा को हादसे से जोड़कर देखा जा रहा है।

आयोजकों और सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ
मुख्यमंत्री ने बताया कि चोरबागान दुर्गा पूजा आयोजित करने वाले क्लब के पदाधिकारियों, निजी सुरक्षा कर्मियों और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को हिरासत में लिया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, मृतकों में से दो लोगों के परिवारों ने बताया कि पंडाल में निजी सुरक्षा कर्मियों की ओर से सीटी बजाए जाने के बाद प्रवेश के लिए इंतजार कर रहे लोगों में अचानक धक्का-मुक्की शुरू हुई। हालांकि, इन सभी दावों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख रुपये
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के लिए 25-25 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया है। इसके साथ ही प्रत्येक मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की भी घोषणा की गई है। सरकार की ओर से घायलों के इलाज और राहत व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है।

कई पूजा पंडालों को अस्थायी रूप से बंद करने की सलाह
हादसे के बाद प्रशासन ने कोलकाता में भीड़भाड़ वाले कई दुर्गा पूजा आयोजनों को लेकर सावधानी बरतने को कहा है। प्रशासन ने अधिक भीड़ वाले कुछ पूजा पंडालों को अस्थायी रूप से बंद रखने की सलाह दी है, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो। कोलकाता में इस बार दुर्गा पूजा के लिए करीब 3,500 पंडाल लगाए गए हैं। ऐसे में प्रशासन के सामने भीड़ को नियंत्रित करना और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती है।

पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में हुए इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। पीएम मोदी ने कहा कि वह इस दुख की घड़ी में उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। प्रधानमंत्री के मुताबिक, स्थानीय प्रशासन पीड़ितों को हरसंभव मदद पहुंचा रहा है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें