Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Kulgam Encounter: कुलगाम में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़, दो से तीन घिरे होने की सूचना

August 1, 2025

Kulgam Encounter: कुलगाम में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़, दो से तीन घिरे होने की सूचना

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने दक्षिण कश्मीर के अखल जिले के वन क्षेत्र में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद इलाके की घेराबंदी की और तलाश अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि छिपे हुए आतंकवादियों द्वारा सुरक्षा बलों पर गोलीबारी करने के बाद तलाशी अभियान मुठभेड़ में बदल गया, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।

खुफिया सूचना के बाद शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
जैसे ही सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी मिली, उन्होंने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। इस दौरान आतंकियों ने अचानक जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी।जवानों ने तुरंत जवाबी फायरिंग की और अब मुठभेड़ जारी है। इस ऑपरेशन में जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), सेना और सीआरपीएफ के जवान शामिल हैं।

इलाके में 2 से 3 आतंकी होने की सूचना
माना जा रहा है कि मुठभेड़ स्थल पर दो से तीन आतंकी छिपे हुए हैं। सुरक्षाबलों ने चारों ओर से इलाके को घेर रखा है ताकि कोई भी आतंकी भाग न सके। ताजा जानकारी मिलने तक मुठभेड़ जारी है और सुरक्षाबलों का अभियान पूरी ताकत से चल रहा है।

 

हाल ही में श्रीनगर में भी चला था ‘ऑपरेशन महादेव’
कुछ दिन पहले ही श्रीनगर में हुए ऑपरेशन महादेव में सेना ने तीन आतंकियों को मार गिराया था। उनमें से एक आतंकी हाशिम मूसा था, जो पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।

पांच दिनों में घाटी का दूसरा बड़ा ऑपरेशन
इससे पहले श्रीनगर के दाछीगाम इलाके में भी सुरक्षाबलों ने एक बड़ा ऑपरेशन चलाया था। उस दौरान लश्कर-ए-तैयबा के एक कमांडर समेत तीन पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए थे। उनके पास से M4 कार्बाइन, दो AK-47 राइफलें और अन्य हथियार बरामद हुए थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें