Site icon Dainik Savera Times

चलती ट्रेन में हुई प्रसव पीड़ा, बोकारो रेलवे स्टेशन पर कराई गई सेफ डिलीवरी

रांची: झारखंड के बोकारो रेलवे स्टेशन पर सोमवार की रात एक महिला यात्री का सफल प्रसव कराया गया। महिला की स्थिति ऐसी नहीं थी कि उसे प्रसव के लिए हॉस्पिटल ले जाया जा सके। प्रसूता और शिशु दोनों स्वस्थ हैं। डिलीवरी के बाद उन्हें बोकारो सदर हॉस्पिटल ले जाया गया। बताया गया कि बिहार के नालंदा की रहने वाली पूजा देवी अपने पति वीरेंद्र कुमार के साथ सोमवार रात हटिया-पटना एक्सप्रेस पर सवार हुई थी। रांची से बोकारो के बीच मुरी के पास उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इसकी जानकारी कोच अटेंडेंट को दी गई। तब तक ट्रेन मुरी स्टेशन से खुल चुकी थी।

अंटेंडेंट ने इसकी सूचना बोकारो स्टेशन प्रबंधन को दी। रात लगभग दस बजे ट्रेन जब बोकारो पहुंची तो महिला सुरक्षाकर्मयिों के सहयोग से प्रसूता को उतारकर स्टेशन पर स्थित आरपीएफ सहायता बूथ पर लाया गया। रेलवे के चिकित्सक डॉ एचपी सिंह ने आरपीएफ की एसआई मीना कुमारी, सहयोगी मीरा कुमारी, मनीषा कुमारी और पिंकी डुमोलिया की मदद से सफल प्रसव कराया। डॉक्टर की देखरेख में प्लेटफार्म पर नवजात की किलकारी गूंजी तो प्रसूता सहित हर किसी के चेहरे पर मुस्कान थी।

Exit mobile version