
पानीपत। औद्योगिक नगरी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक MBBS Doctor अपने घर की तीसरी मंजिल से कूद गई। उसने यह कदम पुराने मित्र की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर उठाया। इससे उसके शरीर की हड्डियां टूट गईं। वह घर तो आ गई है, लेकिन ताउम्र बेड पर ही रहेगी।
डॉक्टर के भाई और चाचा ने जब शिकायत पुलिस से की तब पूरे सिंडिकेट का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस को सौंपे दस्तावेजों और डीएसपी की जांच के अनुसार यह कहानी 2015 में जींद के एक पब्लिक स्कूल से शुरू हुई। तब डॉक्टर 10वीं कक्षा की छात्रा थी। यहां उसकी मुलाकात जींद के ही रहने वाले मोहित नाम के युवक से हुई। मोहित ने खुद को एक रईस और बड़े खानदान का बताता था। उसने इस छात्रा को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। वह शादी का झांसा देता था।
वर्ष 2019 में वह डॉक्टरी की पढ़ाई करने तेलंगाना गई, लेकिन मोहित भी वहीं पहुंच गया। आरोप है कि एक दिन उसने डॉक्टर को कोल्ड ड्रिंक में कुछ नशीला पदार्थ पिला दिया। इसके बाद वह नशे की हालत में बेसुध हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और मोबाइल में वीडियो और तस्वीरें रिकॉर्ड कर लीं। जब पीड़िता को होश आया तो आरोपी ने असली रंग दिखाना शुरू किया। वह इन तस्वीरों को इंटरनेट पर डालने और एडिट कर समाज में बदनाम करने की धमकियां देकर रुपये ऐंठने लगा।
ब्लैकमेलिंग का यह सिलसिला तब चरम पर पहुंचा जब मोहित ने सीधे एक करोड़ रुपये नकद और घर में रखे मां के जेवरात लाने का जोर देने लगा। आरोप है कि इस काम में मोहित अकेला नहीं बल्कि उसका भाई प्रमोद, बहन पूनम और ताऊ राजा और रामकरण भी थे। उसके परिवार को फोन पर लगातार धमकियां दे रहे थे। हर तरफ से घिर चुकी और मानसिक संतुलन खो चुकी डॉक्टर ने मौत को गले लगाना बेहतर समझा और छत से कूद गई। एसपी ने इसकी जांच सीधे डीएसपी को सौंपी है। इस मामले में पिल्लूखेड़ा थाने में जीरो FIR कटी है। अब घटना का मुख्य केंद्र पानीपत होने के कारण मॉडल टाउन थाना पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है।
Also Read :