Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामला : पूछताछ के लिए पटना में ED के दफ्तर पहुंचीं राबड़ी देवी

March 18, 2025

नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामला : पूछताछ के लिए पटना में ED के दफ्तर पहुंचीं राबड़ी देवी

पटना : बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी कथित ‘‘नौकरी के बदले जमीन’’ घोटाले से संबंधित धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए मंगलवार को पटना स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के दफ्तर पहुंचीं। सूत्रों ने यह जानकारी दी। राबड़ी के ईडी दफ्तर पहुंचने के दौरान उनकी बड़ी बेटी एवं सांसद मीसा भारती भी मौजूद थीं।

ईडी दफ्तर के अंदर और बाहर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। राजद के प्रदेश प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव सहित पार्टी के कई नेता और विधायक भी ईडी दफ्तर के बाहर पहुंच गए हैं। सिंह ने आरोप लगाया, ‘‘बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए केंद्र और राज्य में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार लालू यादव के परिवार को परेशान कर रही है और उनकी छवि धूमिल करने के लिए केंद्रीय एजेंसी का गलत इस्तेमाल कर रही है।’’

तेजप्रताप यादव से पूछताछ

सूत्रों ने बताया कि ‘‘नौकरी के बदले जमीन’’ मामले में आज अपराह्न् लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव से पूछताछ की जा सकती है। बिहार के लालू प्रसाद को पूछताछ के लिए 19 मार्च को तलब किया गया है। इसी मामले में उनके परिवार के कुछ सदस्यों को भी पूछताछ के लिए तलब किया गया है।

सूत्रों ने बताया कि धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। पिछले साल ईडी ने दिल्ली की एक अदालत में लालू प्रसाद के परिवार के सदस्यों के खिलाफ इस मामले में आरोपपत्र दायर किया था, जिसमें उनकी पत्नी राबड़ी देवी और उनकी बेटी मीसा भारती तथा हेमा यादव के अलावा कुछ अन्य को भी आरोपी बनाया गया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें