नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने शुक्रवार को विधानसभा सदन में ‘दिल्ली विधानसभा: इंपीरियल सेक्रेटेरिएट से ओल्ड सेक्रेटेरिएट तक’ शीर्षक से तैयार सचित्र विद्यार्थी पुस्तिका का लोकार्पण किया। हिंदी और अंग्रेजी में प्रकाशित यह पुस्तिका दिल्ली विधानसभा के ऐतिहासिक विकास, स्थापत्य विरासत और लोकतांत्रिक महत्त्व को सरल एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत करती है। यह लोकार्पण विधानसभा के साप्ताहिक युवा संपर्क कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित शैक्षिक भ्रमण के दौरान किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को विधानसभा के इतिहास, कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक व्यवस्था में इसकी भूमिका से परिचित कराना है। वरिष्ठ शोधकर्ता गुंजन अग्रवाल द्वारा तैयार की गई पुस्तिका विद्यार्थियों को देश की संसदीय परंपराओं को समझने में मदद करेगी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि युवा पीढ़ी को विधानसभा के समृद्ध इतिहास से जोड़ना जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों के निर्माण के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस तरह की शैक्षिक पहल विद्यार्थियों में जिज्ञासा बढ़ाने के साथ लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान की भावना भी विकसित करती हैं।
पुस्तिका में इंपीरियल सेक्रेटेरिएट से ओल्ड सेक्रेटेरिएट तक भवन की ऐतिहासिक यात्रा को रेखाचित्रों, रोचक प्रसंगों और सहज भाषा के माध्यम से समझाया गया है। इसमें दिल्ली की विधायी परंपरा और लोकतांत्रिक विकास में विधानसभा के योगदान को भी रेखांकित किया गया है। विधानसभा सचिवालय के अनुसार, यह प्रकाशन युवा संपर्क कार्यक्रम में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए उपयोगी शैक्षिक संसाधन साबित होगा। ऐसी पहलों के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, ऐतिहासिक विरासत और संवैधानिक संस्थाओं के महत्त्व से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।

