Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

लॉरेंस बिश्नोई गैंग को लगा बड़ा झटका, 4 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला वांटेड शूटर पकड़ा गया

January 18, 2026

लॉरेंस बिश्नोई गैंग को लगा बड़ा झटका,  4 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला वांटेड शूटर पकड़ा गया

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजस्थान पुलिस के साथ मिलकर एक बड़े संयुक्त ऑपरेशन को अंजाम दिया है। इस कार्रवाई में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक वांटेड शूटर को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 23 वर्षीय प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक वह पिछले कुछ समय से दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में छिपकर रह रहा था, ताकि पुलिस की नजरों से बच सके।

 

एंटी-गैंगस्टर स्क्वाड को मिली थी गुप्त सूचना
दिल्ली क्राइम ब्रांच की एंटी-गैंगस्टर स्क्वाड (AGS) को दिल्ली और आसपास के राज्यों में सक्रिय गैंगस्टरों पर नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। 16 जनवरी को टीम को गुप्त सूचना मिली कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का एक सक्रिय सदस्य उत्तम नगर में छिपा हुआ है।

 

दो टीमों ने मिलकर की संयुक्त कार्रवाई
सूचना मिलते ही दिल्ली क्राइम ब्रांच ने राजस्थान पुलिस से संपर्क किया और दोनों टीमों ने मिलकर संयुक्त कार्रवाई की। इसके बाद उत्तम नगर इलाके में छापा मारा गया, जहां से प्रदीप उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

राजस्थान पुलिस को सौंपा गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसके गैंग से जुड़े कई अहम खुलासे हुए। इसके बाद आगे की जांच के लिए प्रदीप उर्फ गोलू को राजस्थान पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

श्रीगंगानगर में करता था गैंग के लिए काम
पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रदीप उर्फ गोलू लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य है। वह मुख्य रूप से राजस्थान के श्रीगंगानगर इलाके में गैंग की आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता था।

 

4 करोड़ की मांगी थी रंगदारी
मार्च 2025 में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने राजस्थान के जवाहर नगर (श्रीगंगानगर) इलाके के एक व्यापारी से 4 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। जब व्यापारी ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो गैंग ने प्रदीप उर्फ गोलू को फायरिंग करने की जिम्मेदारी सौंपी।

 

व्यापारी के घर पर चलाई गई थीं गोलियां
मई 2025 में प्रदीप ने अपने साथियों के साथ मिलकर व्यापारी के घर पर फायरिंग की। इस घटना के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में वह जमानत पर बाहर आ गया।

 

जमानत के बाद भी नहीं छोड़ा अपराध
जमानत पर बाहर आने के बाद भी प्रदीप उर्फ गोलू ने अपराध की दुनिया से दूरी नहीं बनाई। वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अन्य सदस्यों को अवैध हथियार और गोला-बारूद सप्लाई करने लगा।

 

हथियारों की सप्लाई का बड़ा खुलासा
हाल ही में राजस्थान पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के चार सदस्यों को भारी मात्रा में हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि इन सभी हथियारों का मुख्य सप्लायर प्रदीप उर्फ गोलू ही था।

 

जांच जारी
फिलहाल आरोपी को राजस्थान पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान गैंग से जुड़े कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें