नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के राजपुर नन्हेड़ा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब खबर फैली कि एक 20 वर्षीय लड़की साक्षी को गुलदार (तेंदुआ) उठा ले गया। इस घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह साक्षी खेत में शौच के लिए गई थी। कुछ देर बाद जब वह घर नहीं लौटी तो परिवार के लोग उसकी तलाश में निकल पड़े। तभी उसकी मां ने बताया कि उसने अपनी आंखों से देखा कि गुलदार साक्षी को घसीटकर ले गया। गांव के लोगों ने तुरंत पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। क्षेत्र में पहले से ही गुलदार की गतिविधियां बढ़ी हुई थीं, इसलिए परिवार की बात पर लोगों ने यकीन कर लिया।
ये भी पढ़ें: मथुरा: पुलिस ने स्पा सेंटरों में की छापेमारी, आपत्तिजनक हालत में मिले लड़के और लड़कियां
पुलिस और वन विभाग ने चलाया सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही बिजनौर पुलिस, वन विभाग और ग्रामीणों की टीमों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। खेतों और आसपास के जंगलों में घंटों तक तलाशी चली। वन विभाग ने ड्रोन कैमरों की मदद से पूरे इलाके को खंगाला, जबकि पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर जगह-जगह छानबीन की। डीएफओ जय सिंह ने बताया कि विभाग की कई टीमें साक्षी को ढूंढने में जुटी थीं और गुलदार को पकड़ने के लिए जाल भी बिछाए गए थे।
इस बीच सोशल मीडिया पर ‘गुलदार ने लड़की को उठा लिया’ की खबरें तेजी से फैल गईं। इससे आसपास के गांवों में डर का माहौल बन गया और लोग शाम तक जंगलों में जाने से बचने लगे।
देहरादून पहुंची साक्षी
शाम करीब 6 बजे अचानक साक्षी के भाई सचिन के फोन पर कॉल आई। फोन पर खुद साक्षी थी। उसने बताया कि वह देहरादून के परेड ग्राउंड के पास बाजार में खड़ी है। परिवार ने वीडियो कॉल के जरिए यह बात पक्की कर ली। पुलिस टीम तुरंत देहरादून पहुंची और साक्षी को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस पूछताछ में साक्षी ने बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ घर से भाग गई थी। परिवार और समाज के डर से उसने गुलदार द्वारा उठाए जाने की कहानी बनाई थी ताकि कोई उसे ढूंढने न निकले। हालांकि साक्षी अकेली मिली है, लेकिन पुलिस अब उसके प्रेमी की पहचान और मकसद की जांच कर रही है। कोर्ट में उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे।
साक्षी के मिलने के बाद बिजनौर पुलिस और वन विभाग ने राहत की सांस ली। गुलदार के हमले की अफवाह झूठी निकली, जिससे बड़े स्तर पर फैली दहशत और संसाधनों की बर्बादी से बचाव हुआ। एसएसपी बिजनौर ने कहा कि अब इलाके में अफवाहों पर रोक लगाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके
VD : लुधियाना में छठी मैया का पावन पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है।