Site icon Dainik Savera Times

VIDEO: शेर ने किसान पर किया हमला, जमीन पर गिराया.. पैर व हाथ को जबड़ों में दबोचा

Lion attack Farmer

Lion attack Farmer

नेशनल डेस्क: गुजरात के भावनगर जिले के गरजिया गांव में सोमवार सुबह एक हैरान कर देने वाली घटना हुई। गांव के रहने वाले कालूभाई बोघाभाई गामरा पर उनके घर के पास अचानक एक शेर ने हमला कर दिया। शेर ने उन्हें जमीन पर गिरा दिया और उनके पैर व हाथ को अपने जबड़ों में दबोच लिया।

हमले के दौरान कालूभाई लगातार खुद को बचाने की कोशिश करते रहे। वहीं, आसपास मौजूद ग्रामीण उनकी मदद के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने जोर-जोर से शोर मचाया और शेर पर पत्थर फेंके। काफी देर तक युवक को दबोचे रखने के बाद आखिरकार शेर डरकर जंगल की ओर भाग गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक हिम्मत नहीं हारता और लगातार शेर के चंगुल से निकलने की कोशिश करता रहता है। वहीं, आसपास खड़े लोगों की चीख-पुकार भी साफ सुनाई देती है।

 


हमले में कालूभाई के पैर पर गहरे घाव आए हैं। इसके अलावा उनके शरीर के कई अन्य हिस्सों पर भी चोटें लगी हैं। घटना के तुरंत बाद ग्रामीण उन्हें पालीताना के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने आसपास के इलाके में शेर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद गरजिया गांव और आसपास के इलाकों में डर का माहौल है। गौरतलब है कि भावनगर का इलाका गिर राष्ट्रीय उद्यान के करीब है। इसलिए यहां कई बार शेर गांवों, खेतों और घरों के आसपास दिखाई देते हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव के दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।

Exit mobile version