Site icon Dainik Savera Times

मुझे 4 साल पत्नी की तरह रखा… पुलिस कांस्टेबल द्वारा शादी से मना करने पर लड़की ने की आत्महत्या

live-in woman suicide case

live-in woman suicide case

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में रिश्तों में धोखे और भरोसे के टूटने की एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। ताजगंज थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने से पहले युवती ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें उसने एक पुलिस कांस्टेबल पर गंभीर आरोप लगाए। युवती का कहना था कि उसे शादी का वादा करके लंबे समय तक शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया गया। युवती की मौत के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया और पुलिस विभाग पर भी सवाल उठने लगे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, युवती आगरा में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आरोपी कांस्टेबल की पहचान जेबी गौतम के रूप में हुई है, जो ताजगंज थाने में तैनात बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले कई सालों से संबंध थे। युवती का आरोप था कि कांस्टेबल ने उससे शादी करने का वादा किया था, जिसके भरोसे पर वह उसके साथ रह रही थी।

आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में युवती ने कहा कि जेबी गौतम ने उसे चार साल तक अपनी पत्नी की तरह साथ रखा, लेकिन जब उसने शादी की बात की तो वह पीछे हटने लगा। युवती का आरोप था कि कांस्टेबल बार-बार यह कहकर शादी से मना करता रहा कि उसका परिवार इस रिश्ते को स्वीकार नहीं करेगा। युवती ने यह भी कहा कि आरोपी का भाई भी एक अन्य लड़की के साथ इसी तरह का व्यवहार कर रहा है।

वीडियो में युवती यह कहते हुए भी नजर आई कि आरोपी पुलिस में होने की वजह से उसे डर था कि उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। उसकी मौत के लिए जेबी गौतम और उसका परिवार जिम्मेदार होंगे। युवती ने वीडियो में यह भी कहा कि अगर उसे जीते-जी न्याय नहीं मिल सका तो उम्मीद है कि मरने के बाद उसे इंसाफ जरूर मिलेगा।

वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। युवती के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सिटी अली अब्बास ने तुरंत विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद कांस्टेबल जेबी गौतम को निलंबित कर दिया गया।

पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और युवती द्वारा बनाया गया वायरल वीडियो भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है। फिलहाल पुलिस ने युवती के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे। उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version