नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन से जुड़े नए महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी दे दी, जिसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव है। संभावना है कि विधेयक को अगले सप्ताह से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पेश किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कुछ संशोधनों के साथ इस नए विधेयक को मंजूरी दी है।
उन्होंने कहा कि इन संशोधनों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिसीमन के बाद लोकसभा में अन्य राज्यों की तुलना में किसी भी राज्य की हिस्सेदारी कम न हो। उन्होंने बताया कि दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए सरकार ने हर राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने पर सहमति जताई है। वर्ष 2051 तक सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
नए विधेयक में बढ़ाई गई सीटों के नए सिरे से निर्धारण के लिए 2011 की जनगणना का इस्तेमाल करने का प्रस्ताव है। सूत्रों के अनुसार, सरकार ने राज्यों की सीटों की मौजूदा संख्या में बदलाव किए बिना संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से निर्धारण करने का प्रस्ताव रखा है। प्रस्तावित संशोधन के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर अधिकतम 850 करने की योजना है।
सत्तापक्ष का कहना है कि इस कदम से 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता साफ होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक दोपहर 1 बजे सेवा तीर्थ में बुलाई गई थी।

