Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

विदेशी महिला की जांघ पर भगवान जगन्नाथ के टैटू से लोगों में आक्रोश, मामला किया दर्ज

March 3, 2025

विदेशी महिला की जांघ पर भगवान जगन्नाथ के टैटू से लोगों में आक्रोश, मामला किया दर्ज

ओडिशा डेस्क : ओडिशा में एक विदेशी महिला द्वारा अपनी जांघ पर Lord Jagannath का टैटू बनवाने से आक्रोश फैल जाने के बाद पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि महिला द्वारा भुवनेश्वर के एक ‘पार्लर’ में बनवाए गए टैटू की तस्वीर सोशल मीडिया पर आई, जिसके बाद भगवान जगन्नाथ के भक्तों ने विरोध प्रदर्शन किए। उन्होंने बताया कि महिला एक गैर-सरकारी संगठन के लिए काम करती है।

अधिकारी ने बताया कि कुछ जगन्नाथ भक्तों ने रविवार को साहिद नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 (जानबूझकर किया गया और दुर्भावनापूर्ण कृत्य, जिसका उद्देश्य किसी वर्ग के धर्म या धार्मिक विश्वासों का अपमान करके उसकी धार्मिक भावनाओं को आहत करना है) के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस में शिकायत दर्ज कराने वाले लोगों में शामिल सुब्रत मोहानी ने कहा, ‘‘अनुचित जगह भगवान जगन्नाथ का टैटू बनवाने से हमारी भावनाएं आहत हुई हैं। यह सभी जगन्नाथ भक्तों और सामान्य रूप से हिंदुओं का अपमान है। हमने इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।’’ इस मामले पर विवाद बढ़ने के बाद विदेशी नागरिक और ‘टैटू पार्लर’ के मालिक ने सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।

मैं भगवान जगन्नाथ की सच्ची भक्त हूं

महिला ने हाथ जोड़कर एक वीडियो में कहा, ‘‘मैं भगवान जगन्नाथ का अपमान नहीं करना चाहती थी। मैं भगवान जगन्नाथ की सच्ची भक्त हूं और मैं प्रतिदिन मंदिर जाती हूं। मैंने गलती की और इसके लिए मुझे बहुत खेद है। मैंने कलाकार से टैटू को बस, किसी ऐसा जगह पर बनाने के लिए कहा था जो छिपा रहे। मैं कोई मुद्दा नहीं बनाना चाहती थी। मुझे इसके लिए बहुत खेद है।

जैसे ही टैटू वाला हिस्सा ठीक हो जाएगा, मैं इसे हटवा दूंगी। मेरी गलती के लिए मुझे माफ करें।’’ टैटू की दुकान के मालिक ने कहा कि महिला अपनी जांघ पर भगवान जगन्नाथ का टैटू बनवाने के लिए उनकी दुकान पर आई थी। ‘टैटू पार्लर’ के मालिक ने कहा, ‘‘हमारे कर्मचारियों ने उसे ऐसा न करने की सलाह देते हुए कहा था कि वह इसे अपनी बांह पर गुदवा ले लेकिन उसने इसे अपनी जांघ पर ही गुदवाने पर जोर दिया। मैं इस घटना के लिए माफी मांगता हूं।

मैं उस समय दुकान पर मौजूद नहीं था। टैटू कलाकार लगभग 25 दिन के बाद टैटू को या तो ढक देगा या इसे हटा देगा, क्योंकि इसे अभी हटाने से संक्रमण हो सकता है।’’ उन्होंने बताया कि महिला ने आश्वासन दिया है कि वह टैटू को हटवाने या ढकने के लिए दोबारा दुकान पर आएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें