Site icon Dainik Savera Times

आदिवासी महिला का शव ले जाने को एंबुलेंस नहीं मिलने के लिए निचले स्तर के अधिकारी जिम्मेदार : माकपा सांसद

Ambulance

Ambulance

तिरुवनंतपुरम : मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) सांसद एवं केरल के पूर्व मंत्री के. राधाकृष्णन ने एक आदिवासी महिला के शव को ले जाने के लिए Ambulance की अनुपलब्धता को निचले स्तर के अधिकारियों की विफलता करार दिया और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। राधाकृष्णन ने मंगलवार को कहा कि राज्य में ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए ‘‘पर्याप्त सुविधाएं और प्रणालियां मौजूद हैं’’, लेकिन ऐसी घटनाएं तब होती हैं जब अधिकारी कथित तौर पर तत्काल कार्रवाई करने में विफल रहते हैं। उन्होंने दिल्ली में संवाददाताओं से कहा, ‘‘राज्य सरकार इस मामले में प्रभावी रूप से हस्तक्षेप करेगी। जो लोग अपने कर्तव्यों का पालन करने में विफल रहे हैं, उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।’’ उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री को दोषी नहीं ठहराया जा सकता क्योंकि हर चीज पर नजर रखना असंभव है। राधाकृष्णन एक समय में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्रलय का प्रभार संभाल चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कथित विफलता निचले स्तर पर थी, मंत्री की नहीं।’’ यह घटना सोमवार को वायनाड जिले में हुई, जहां कथित तौर पर एंबुलेंस की अनुपलब्धता के कारण 80 वर्षीय आदिवासी महिला के शव को अंतिम संस्कार के लिए एक ऑटोरिक्शा में ले जाया गया। टेलीविजन चैनलों ने मनंतावडी के एडवाका पंचायत के वेट्टीचाल बस्ती की एक बुजुर्ग महिला चुंडम्मा की तस्वीरें प्रसारित कीं, जिनके शव को एक चादर में लपेटा गया और एक ऑटोरिक्शा में ले जाया गया। चुंडम्मा की मौत गांव में उनके घर पर हुई और उनके परिवार को शव को अंतिम संस्कार के लिए कई किलोमीटर दूर ले जाने के वास्ते आदिवासी विकास कार्यालय से एंबुलेंस का कथित तौर पर घंटों इंतजार करना पड़ा। इस घटना की क्षेत्र में व्यापक आलोचना हुई।

Exit mobile version