Site icon Dainik Savera Times

लखनऊ हत्याकांड में नया मोड़: वेब सीरीज देखकर टुकड़ों में काटी पिता की लाश, नहीं कांपे हाथ

lucknow murder case

lucknow murder case

नेशनल डेस्क: लखनऊ के आशियाना इलाके के सेक्टर एल में रहने वाले 49 वर्षीय पैथोलॉजी संचालक और शराब कारोबारी मानवेंद्र सिंह की हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद उनका बेटा अक्षत शव को ठिकाने लगाने के लिए काफी परेशान था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिता के शव का वजन ज्यादा होने के कारण वह उसे अकेले कार में रखकर कहीं ले जाने में असमर्थ था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अक्षत ने एक वेब सीरीज ‘वध’ देखकर शव को काटकर ठिकाने लगाने का तरीका सीखा था। उस सीरीज में आरी से शव के टुकड़े करने का दृश्य दिखाया गया था, जिससे उसे यह तरीका आसान लगा। शुरुआत में उसने ऑनलाइन चाकू मंगवाया और उससे शव को काटने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद वह घर से बाहर गया और बाजार से दो आरी खरीदकर लाया। उन्हीं आरियों की मदद से उसने शव के टुकड़े किए।

जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी ने यूट्यूब पर भी शव को ठिकाने लगाने से जुड़े वीडियो देखे थे। यहां तक कि उसने शव को काटने के तरीके वाले वीडियो भी देखे। हत्या के बाद अक्षत ने अपनी छोटी बहन कृति को दिलासा देते हुए कहा था कि वह घबराए नहीं, वह सब संभाल लेगा। पुलिस का कहना है कि आरोपी के मन में अपने पिता के प्रति काफी नाराजगी और नफरत थी, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया और शव के टुकड़े करते समय उसके हाथ नहीं कांपे।

घटना के बाद मानवेंद्र सिंह के पिता ने इस मामले पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। वहीं अक्षत की मां की मौत को लेकर उठ रहे सवालों पर परिवार का कहना है कि उनकी मृत्यु बीमारी के कारण हुई थी, आत्महत्या नहीं। इस घटना के बाद से कॉलोनी में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग अलग-अलग तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों का मानना है कि परिवार कुछ बातें छिपा रहा है, इसलिए कई सवालों के जवाब अब तक साफ नहीं हो पाए हैं।

पुलिस अब इस मामले में कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच कर रही है। मानवेंद्र और अक्षत दोनों के फोन रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किन-किन लोगों से संपर्क में थे। हत्या के बाद अक्षत ने किससे बात की या किससे संपर्क किया, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। इसके अलावा वारदात के समय घर में मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस हत्या में किसी और व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी, जांच जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि सीडीआर और अन्य साक्ष्यों से कई अहम राज खुल सकते हैं।

Exit mobile version