Site icon Dainik Savera Times

एयरपोर्ट से 15 करोड़ 46 लाख रुपये की भांग बरामद, 2 गिरफ्तार

Lucknow News : राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने लखनऊ के चौधरी चरण सिंह (सीसीएस) हवाई अड्डे पर बैंकाक से आये दो मादक तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15.46 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक भांग जब्त की है। बरामद भांग की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 15 करोड़ 46 लाख रुपये आंकी गयी है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई के अधिकारियों ने 10 जून को  चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बैंकॉक से से आए दो भारतीय नागरिकों को रोका और उनके चेक-इन बैगेज की जांच के दौरान, एल्युमिनियम फॉयल में लिपटे कई वैक्यूम-सीलबंद पैकेट बरामद किए जिसमें हरे रंग का गांठदार पदार्थ था। जांच के बाद इसके भांग होने की पुष्टि हुई।

उन्होने कहा कि कुल 15.46 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक भांग जब्त की गई। हाइड्रोपोनिक भांग एक उच्च श्रेणी की भांग की किस्म है जिसे नियंत्रित इनडोर वातावरण में पोषक तत्वों से भरपूर पानी के घोल का उपयोग करके मिट्टी के बिना उगाया जाता है। यह अपनी उच्च क्षमता के लिए जाना जाता है और अवैध दवा बाजारों में इसकी उच्च मांग है।

जब्त किए गए प्रतिबंधित पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 15.46 करोड़ रुपये है। दोनों व्यक्तियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के अनुसार गिरफ्तार किया गया। आगे की जांच चल रही है।

Exit mobile version