Site icon Dainik Savera Times

मां वैष्णो देवी में हेलीकॉप्टर सेवा बंद, तेज बारिश ने बढ़ाईं मुश्किलें; यात्रा को लेकर जान लें ताजा अपडेट्स

Jammu Kashmir News

नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित माता वैष्णो देवी धाम के लिए यात्रा जारी है। त्रिकुटा पर्वत पर घने बादल छाए हुए हैं। हल्की बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का हौसला देखते ही बन रहा है। हालांकि मौसम में खराबी के चलते हेलीकॉप्टर सेवा को बंद कर दिया गया है।

वहीं, रोपवे सेवा और बैटरी कार सेवा अभी भी सामान्य रूप से जारी है। आपदा प्रबंधन की टीमें मामले में लगातार नजर बनाए हुए हैं। सुरक्षा के लिहाज से भी तगड़े बंदोबस्त किए गए हैं।

मंगलवार को लगातार हजारों लोगों ने माता के दर्शन किए। सोमवार की बात करें तो 20268 लोगों ने मां के दर पर हाजिरी लगाई। यात्रा के दौरान बीच-बीच में तेज बारिश देखने को मिली, जिसकी वजह से भक्तों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। भवन मार्ग पर भक्तों के लिए शेडों का निर्माण किया गया है। यहां आराम करने के बाद भक्त धीरे-धीरे आगे रवाना हो रहे हैं।

एजेंसियों की यात्रा पर नजर

प्रशासन की आपदा प्रबंधन, सुरक्षा, पुलिस और सीआरपीएफ के अलावा श्राइन बोर्ड की ओर से भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सभी एजेंसियां भी यात्रा पर कड़ी नजर रख रही हैं। पल-पल बदल रहे मौसम के बाद भी सभी मार्गों पर विशेष निगरानी की जा रही है।

भवन मार्ग पर बैटरी कार सुचारू रूप से चलाई जा रही है। वहीं, भैरव घाटी में रोपवे केबल कार सेवा जारी है। कटरा से भवन तक जाने वाले सभी प्रमुख पैदल मार्गों का विशेष ध्यान श्राइन बोर्ड रख रहा है।

नियमों का पालन करने की अपील

अर्धकुंवारी, बाणगंगा, सांझीछत्त और हिमकोटी को पूरी तरह खोल दिया गया है। यहां लोगों की आवाजाही नॉर्मल तौर पर जारी है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सूत्रों के मुताबिक मंदिर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है, भक्तों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

चिकित्सा, पेयजल, विश्राम स्थल और शौचालय जैसी सुविधाएं लोगों को मुहैया करवाई जा रही हैं। लोगों से आग्रह है कि वे यात्रा से संबंधित सभी नियमों का पालन करें।

Exit mobile version