Site icon Dainik Savera Times

Madhya Pradesh Accident : अनूपपुर में बस-ऑटो की जोरदार भिड़ंत में 3 लोगों की मौत, 5 घायल

Madhya Pradesh Accident

Madhya Pradesh Accident

Madhya Pradesh Accident : मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में एक यात्री बस और ऑटो के बीच जबरदस्त टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11 बजे शहडोल से डिंडोरी की ओर जा रही एक निजी बस (एमपी 18 जेड एफ 9786) जैसे ही सजहा गांव के समीप मोड़ पर पहुंची, अमरकंटक-अनूपपुर मार्ग पर यात्रियों से भरे एक ऑटो (एमपी 65 जेड बी 3401) से जबरदस्त टक्कर हो गई।

यह टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इसरार मंसूरी ने बताया कि बस और ऑटो के बीच जबरदस्त टक्कर हुई। इस टक्कर में ऑटो में सवार तीन लोगों सुखिया बाई, रामकुमार गोंड और मोहब्बतें गोंड की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों अनूपपुर जिले की खोह तहसील के निवासी हैं। हादसे में घायल सभी पांच लोगों को उपचार के लिए अनूपपुर जिला अस्पताल भेजा गया है।

ऑटो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त

जानकारी के मुताबिक, ऑटो में सवार लोग अनूपपुर की ओर जा रहे थे, इसी दौरान बस से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़कों पर इधर-उधर गिर गए। हर तरफ खून नजर आ रहा था। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ देर बाद एंबुलेंस और पुलिस अधिकारियों के साथ प्रशासनिक अमला पहुंचा।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है। हादसे की जानकारी मिलने पर पीड़ितों के परिजन भी मौके पर पहुंचे और वहां अस्पताल गए। पुलिस अधीक्षक मोतिउर रहमान और कलेक्टर हर्षल पंचोली घायलों को देखने जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने चिकित्सकों से भी बात की।

Exit mobile version